भिलाईनगर। भिलाई जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मंडल की हाल ही में जारी की गई पदाधिकारियों सूची को रद्द कर दिया गया है। इनमें अब नए सिरे से नियुक्तियां होंगी। पदाधिकारियों की सूची संबंधी विवाद राजधानी पहुंचने के बाद नई नियुक्तियों को स्थगित करने का निर्णय लिया गया। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग सम्भाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा है कि तकनीकी विसंगतियों को दूर कर एक नई और त्रुटिहीन सूची शीघ्र ही जारी की जाएगी।
ज्ञात हो कि बीते रविवार को भाजयुमो के भिलाई जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने 13 मंडलों के अध्यक्ष और महामंत्री की सूची जारी की थी। लेकिन इस सूची के विरोध में बगावत के चलते अगले ही दिन 10 भाजपा मंडल अध्यक्षों ने जिलाध्यक्ष की सूची को खारिज करते हुए अपनी पसंद से नए पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी। इसके चलते एक ही मंडल में दो दो अध्यक्ष और दो दो महामंत्री हो गए। जाहिर है कि बड़े नेताओं के बीच गुटबाजी के चलते ही ऐसा हुआ। हालांकि जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने कहा था कि सभी पदाधिकारियों की घोषणा जिला अध्यक्ष यानी पुरुषोत्तम देवांगन की सहमति से की गई है।

हालांकि, पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना था कि श्री जायसवाल ने अपनी मर्जी से ही पदाधिकारियों की नियुक्तियां की है। श्री जायसवाल की सूची से उपजे असंतोष के चलते भिलाई तीन, चरोदा, कोहका, वैशालीनगर, सुपेला, कैम्प, पूर्व मंडल, पश्चिम मंडल, खुर्सीपार, कुम्हारी मंडल अध्यक्षों ने अपने चहेते लोगों को पदाधिकारी बना दिया। इधर जब यह मामला प्रदेश भाजपा तक पहुंचा तो उसने शिकायत को गंभीरता से लिया। उन्हें बताया गया कि जारी सूची में कई पदाधिकारों के खिलाफ थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। यानी आपराधिक पृष्ठभूमि के लोगों को पदाधिकारी बना दिया गया है। प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों ने काफी मंथन के बाद जारी सूची को स्थगित लेने का निर्णय लिया। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम से भाजपा का अंतर्कलह उजाहर हो गया और पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों की भद हो गई।
गंभीर तकनीकी विसंगतियों के चलते सूची स्थगित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग सम्भाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने बताया है कि भिलाई जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मंडल की हाल ही में जारी की गई सूची की घोषणा स्थगित कर दी गई है। श्री पाणिग्रही ने स्पष्ट किया कि संगठन के संज्ञान में यह बात आई है कि जारी की गई सूची में कुछ गंभीर तकनीकी विसंगतियां रह गई थी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग सम्भाग प्रभारी श्री पाणिग्रही ने कहा कि जिला मंडल की पिछली सूची में कुछ तकनीकी त्रुटियां पाई गई थीं, जिसे सुधारना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं पर पुनः विचार कर एक नई और त्रुटिहीन सूची शीघ्र ही जारी की जाएगी।
तलाक हुए बिना दूसरी शादी करना पड़ा भारी
दुर्ग। बिना तलाक के दूसरे व्यक्ति से शादी करना कटनी की महिला को भारी पड़ गया। न्यायालय के आदेश पर उक्त महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 82 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए आवेदक के अधिवक्ता कौशल किशोर सिंह ने बताया कि रायपुर नाका दुर्ग निवासी लेखराज राजानी की शादी कटनी में भारती से तय हुई थी। भारती राजानी की पहली शादी दमोह में लक्ष्मण कुंदरानी के साथ हुई थी जिसका सक्षम न्यायालय में वैधानिक तलाक होने की जानकारी उनके परिजनों ने दी और संबंधित कागजात बाद में प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया। लेखराज राजानी ने उक्त महिला से शादी कर ली। शादी के बाद दुर्ग आकर महिला लेखराज राजानी के परिवार वालों को तंग करने लगी, जिससे उन्होंने महिला को वापस कटनी छोड़ दिए।
कटनी में महिला द्वारा ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करा दी। लेखराज राजानी की ओर से अधिवक्ता कौशल किशोर सिंह ने कुटुंब न्यायालय में धारा 12 के तहत परिवाद प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर लड़की यहां कोर्ट में उपस्थित हुई और उन्होंने जानकारी दी कि उनका तलाक नोटरी के समक्ष हुआ है। इस बात की जानकारी होते ही अधिवक्ता ने धारा 12 का आवेदन वापस लेकर धारा 11 के तहत आवेदन प्रस्तुत कर दिया और इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से कर दी।
पुलिस अधीक्षक ने पूर्व में दमोह में जिस लड़के से उसकी शादी हुई थी उससे पूरे कागजात मंगवा लिए, जिससे मामला स्पष्ट हो गया। महिला ने दुर्ग के अपने ससुराल वालों के विरूद्ध कटनी में धारा 85,296, 115 (2), 351 (3) बीएनएस तथा धारा 144 महिला संरक्षण अधिनियम की धारा 12 के तहत अपराध दर्ज होने की जानकारी देते हुए आवेदन खारिज करने की मांग की। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्रीमती अंजलि सिंह ने बिना सक्षम न्यायालय में पूर्व में हुए शादी का तलाक हुए बिना दूसरी शादी करना धारा 82 के तहत अपराध की श्रेणी में माना और न्यायालय ने महिला के विरुद्ध बीएनएस की धारा 82 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और उनके परिजनों को आरोपी बनाने से मुक्त कर दिया।
1 मई से जनगणनाः रहने, खाने और लाइफ स्टाइल की मागेंगे जानकारी
राजनांदगांव। वर्ष 2011 के बाद पूरे देशभर में जनगणना कार्य शुरू हो गया है। एक मई से प्रगणक घर घर जाकर 33 बिन्दुओं में लोगों से जानकारी लेगें। इसमें रहने, खाने और लाइफ स्टाइल की जानकारी मांगी जाएगी। स्मार्ट फोन व घर के फर्श में उपयोग होने वाले सभी बिन्दुओं की जानकारी इस बार ली जाएगी।
राज्य के गृह मंत्रालय ने जनगणना के लिए निर्देश जारी कर दिए है। जिसके तहत 33 बिन्दुओ के अंदर लोगों को जानकारी मांगी जाएगी। जिसमें लोगों के रहने, खाने, मनोरंजन, इंटरनेट व कौन से अनाज खा रहे सहित मोबाइल नंबर मांगे जाएंगे। बहरहाल जनगणना के पहले चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जानकारी अनुसार वर्ष 2011 में जनगणना होने के बाद दुबारा सर्वे नही हो पाया था । प्रत्येक दस साल में होने वाला जनगणना कार्य अब होने जा रहा हैं। इसकी तैयारी वर्ष 2025 के अंतिम माह से शुरू हो गई है। गृह मंत्रालय द्वारा इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई हैं। जिसमें 33 बिन्दु निर्धारित किए गए है प्रक्रियाः पूरी तरह से पेपरलेस, डिजिटल डेटा संग्रह मोबाइल ऐप के माध्यम से होगा।
ये प्रश्न पूछे जाएंगे
जनगणना में 1. भवन नंबर (नगर या स्थानीय प्राधिकरण अथवा जनगणना नंबर ) 2. जनगणना मकान नंबर 3. मकान के फर्श में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री 4. मकान के दीवार में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री 5. मकान के छत में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री 6. मकान के उपयोग 7. मकान की हालत 8. परिवार की जानकारी 9 परिवार में सामान्यतः रहने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या 10. परिवार के मुखिया का नाम 11. परिवार के मुखिया का लिंग 12. क्या परिवार का मुखिया अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य से संबन्धित है 13. मकान के स्वामित्व की स्थिति 14. परिवार के पास रहने के लिए उपलब्ध कमरों की संख्या 15. परिवार में रहने वाले विवाहित दंपत्तियों की संख्या 16. पेयजल का मुख्य स्रोत 17. पेयजल स्रोत की उपलब्धता 18. प्रकाश का मुख्य स्रोत 19. शौचालय की सुलभता 20. शौचालय का प्रकार 21. गंदे पानी की निकासी 22. बाथरूम की चाबियों की उपलब्धता 23. रसोई घर और एलपीजी, पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता, 24. खाना पकाने के लिए प्रयुक्त मुख्य ईधन 25. रेडियो ट्रांजिस्टर 26. टेलिविजन 27. इंटरनेट सुविधा 28 लैपटॉप कम्प्यूटर 29. टेलीफोन, मोबाइल फोन, स्मार्ट फोन 30. साइकिल, स्कूटर, मोटर साइकिल, मोपेड 31. कार, जीप, वैन 32. परिवार द्वारा उपभोग किया जाने वाले मुख्य अनाज 33. मोबाइल नंबर की जानकारी देनी होगी।
चार सहायक उप निरीक्षकों को उप निरीक्षक पद पर पदोन्नति
भिलाईनगर। दुर्ग जिला में पदस्थ सहायक उप निरीक्षकों गोरख नाथ चौधरी, पूर्ण बहादुर कांकी, चन्द्रशेखर सोनी व केशव दयाल तिवारी को उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल ने पदोन्नत अधिकारियों को स्टार लगा कर शुभकामनाएं दी तथा नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं जनोन्मुख पुलिसिंग के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया। पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों ने अपने दायित्वों के प्रति समर्पण दोहराते हुए कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा के प्रति और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
ग्रीन कॉरिडोर बनाकर गंभीर मरीज को यातायात पुलिस ने 22 मिनट में पहुंचाया रायपुर
भिलाईनगर। शनिवार को हाइवे पेट्रोलिंग – 02 ने बीएम शाह हॉस्पिटल से गंभीर मरीज उत्तमचंद साहू (82 वर्ष) निवासी नंदिनी रोड को रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर रेफर किए जाने पर तत्काल विशेष यातायात व्यवस्था बनाई गई। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए कुम्हारी टोल प्लाजा सहित मार्ग के संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पूर्व से तैनात जवानों द्वारा यातायात नियंत्रित कर ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया। हाइवे पेट्रोलिंग टीम ने बीएम शाह हॉस्पिटल से कुम्हारी टोल तक मार्ग पूर्णतः क्लियर कर एम्बुलेंस को निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराया गया तथा मात्र 22 मिनट में सुरक्षित रूप से कुम्हारी टोल पहुंचाया गया, जहां से आगे रायपुर हाईवे पेट्रोलिंग को सुपुर्द किया गया। संपूर्ण कायर्वाही के दौरान स्थिति सामान्य एवं सुरक्षित रही।
सेक्टर-9 अस्पताल बेचने की साजिश के खिलाफ सीटू करेगा जन लामबंदी
भिलाईनगर। सीटू नेताओं ने जारी बयान में कहा है। पिछले वर्ष डिलाइट कंसल्टेंसी भिलाई का इस्पात संयंत्र के सेक्टर-9 अस्पताल दौरा करने आई थी और अस्पताल को निजी हाथों में देने संबंधी अपना परामर्श देकर चली गई। तब से लेकर अब तक किसी न किसी रूप में जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा एवं अनुसंधान केंद्र (सेक्टर-9 अस्पताल) को बेचने की साजिश जारी है। अब इस साजिश को आगे बढ़ाने के लिए अस्पताल पर हर माह हो रहे खर्च को आधार बनाया जा रहा है। दिल्ली से यह कहा जा रहा है कि अस्पताल पर हर महीने 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो रहा है, जिससे घाटा हो रहा है, इसलिए इसे निजी हाथों में सौंप देना चाहिए।
सीटू ने कहा है कि वह इस साजिश के खिलाफ सभी ट्रेड यूनियनों, ऑफिसर एसोसिएशन, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को साथ लेकर जन लामबंदी करेगा। अस्पताल को नो प्रॉफिट- नो लॉस के आधार पर चलाने के लिए सीटू पहले भी इसे मेडिकल कॉलेज अथवा पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में बदलने का सुझाव दे चुका है। वर्तमान में सेक्टर-9 अस्पताल में डीएनबी कोर्स संचालित हो रहा है, जिसमें लगभग सभी विभागों एमबीबीएस डॉक्टर डीएनबी की पढ़ाई के साथ मरीजों का उपचार कर रहे हैं। यदि इसे पूर्ण रूप से पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में परिवर्तित किया जाता है, तो यहाँ प्रोफेसरों की नियुक्ति होगी और अधिक मेडिकल विद्यार्थी आएंगे, जिससे अस्पताल और सशक्त रूप से संचालित किया जा सकेगा।
इलाज महंगा कर निजी मरीजों को दूर किया गया
अस्पताल से सीटू नेताओं का कहना है कि अस्पताल से निजी (नॉन-बीएसपी) मरीजों को दूर करने के उद्देश्य से आपातकालीन सेवाओं, ओपीडी, आईपीडी, आईसीयू और मेडिकल जांचों की दरों में अत्यधिक वृद्धि की गई। इसके कारण बाहरी मरीजों का आना धीरे-धीरे कम हो गया और उनसे होने वाली आय में गिरावट आई। सीटू इन दरों का अध्ययन कर रहा है और जल्द ही अस्पताल तथा संयंत्र प्रबंधन के समक्ष अपने सुझाव प्रस्तुत करेगा।
अब भी लोगों का भरोसा कायम
सीटू नेताओं ने कहा है कि प्रबंधन द्वारा दरें बढ़ाए जाने के बावजूद जहाँ निजी मरीजों की संख्या घटी है, वहीं स्थायी और सेवानिवृत्त कर्मियों के कारण अस्पताल में 24 घंटे और सातों दिन भीड़ बनी रहती है। वाहन स्टैंड से लेकर कैजुअल्टी, वार्ड और ओपीडी तक हर जगह मरीजों की भीड़ देखी जा सकती है। यह स्पष्ट करता है कि सेक्टर-9 अस्पताल पर लोगों का भरोसा आज भी कायम है। ऐसे अस्पताल को बेचने के बारे में सोचना भिलाईवासियों के साथ विश्वासघात होगा।
तालपुरी बी ब्लाक रेसीडेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष बने सुनील चौरसिया
भिलाईनगर । रविवार को तालपुरी बी ब्लाक रेसीडेंस एसोसिएशन के सुनील चौरसिया अध्यक्ष चुन लिए गए। उन्होंने कुबेरराम देशमुख को 66 वोटों से हराया। महासचिव पद में केआर देशमुख व आरके दत्त ने 145-145 वोट पाया। रिकाउंटिंग में भी दोनों को बराबर वोट मिलने पर टॉस कराया गया। टॉस में आरके दत्त ने बाजी मार ली। वे महासचिव बने गए। कोषाध्यक्ष पद पर रामनारायण साहू ने अमलदास को 46 वोट से हराया। उपाध्यक्ष पर पर डॉ.लक्षप्रद ने जितेन्द्र सिंह को 14 वोट से हराया। उपमहासचिव पद पर श्रीमती पायल पवार ने श्यामनारायण साहू को 17 वोट से पराजित किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

