कुंदन कुमार/ पटना। पश्चिम बंगाल में महिला आरक्षण पर घेराव लोजपा (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद ममता बनर्जी ने महिला आरक्षण बिल का विरोध किया। भारती ने जनता से अपील की कि जो सरकार महिलाओं के अधिकारों को बाधित करने का प्रयास करे, उसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब बंगाल की जनता को इस “महिला विरोधी” सोच को पलटकर एनडीए को सेवा का मौका देना चाहिए।

​तेजस्वी यादव की ‘ओछी राजनीति’ पर तंज

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लेते हुए सांसद ने कहा कि जब राज्य में सदन की कार्यवाही चलती है और जनता के मुद्दों पर चर्चा की जरूरत होती है, तब तेजस्वी गायब रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी बिहार की जिम्मेदारी छोड़कर बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। अरुण भारती ने इसे ‘ओछी राजनीति’ करार देते हुए कहा कि जो नेता अपने राज्य की जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सकता, वह बाहर जाकर क्या संदेश देगा।

​निशांत कुमार की सक्रियता का स्वागत

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की जदयू में बढ़ती सक्रियता पर भारती ने सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने इसे एक ‘अच्छी परंपरा’ बताते हुए कहा कि अपनी पारिवारिक और राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाना एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे निशांत बखूबी निभा रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ता निशांत की सहायता के लिए सदैव तत्पर हैं।

​मंत्रिमंडल विस्तार और इंडी गठबंधन की ‘अवसरवादिता’

बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है और जल्द ही मंत्रियों को विभागों का आवंटन कर दिया जाएगा। वहीं, राहुल गांधी द्वारा बंगाल में ममता सरकार पर हमला करने को उन्होंने ‘ढोंग’ बताया। भारती के अनुसार, लोकसभा में साथ दिखने वाले ये दल राज्यों में एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं, जो इनकी वैचारिक भिन्नता और अवसरवादिता को उजागर करता है।