भुवनेश्वर। ओडिशा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। बीजू जनता दल (BJD) ने दल-विरोधी गतिविधियों में शामिल अपने 8 निलंबित विधायकों की सदस्यता रद्द करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष याचिका दायर की है। बीजद के विधायकों ने विधानसभा परिसर में स्पीकर से मुलाकात कर यह याचिका सौंपी।
इस मुद्दे पर बीजद विधायक अरुण साहू ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 191 के तहत इन विधायकों की सदस्यता समाप्त की जानी चाहिए, क्योंकि उन्होंने पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर काम किया है।
राज्यसभा चुनाव से जुड़ा है मामला
जानकारी के अनुसार, हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान बीजद के 6 विधायकों ने पार्टी व्हिप का उल्लंघन किया था। इसके बाद पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निलंबित कर दिया।
इन विधायकों पर गिरी गाज
जिन विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है, उनमें देवी रंजन त्रिपाठी, सौविक बिस्वाल, रमाकांत भोई, नबा मलिक, सुभासिनी जेना, चक्रमाणि कन्हर शामिल हैं। इन सभी पर पार्टी के फैसले के खिलाफ मतदान करने का आरोप है। इसके अलावा चंपुआ विधायक सना महाकुड़ और पाटकुरा विधायक अरबिंद महापात्र को भी पार्टी पहले ही निलंबित कर चुकी है, जिन्हें अब इस कार्रवाई के दायरे में शामिल किया गया है।
राजनीतिक असर पर नजर
बीजद के इस कदम को पार्टी अनुशासन बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब सभी की नजरें विधानसभा अध्यक्ष के फैसले पर टिकी हैं, जो आने वाले दिनों में राज्य की सियासत की दिशा तय कर सकता है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

