अतीश दीपंकर/भागलपुर। कहते हैं कि प्यार की कोई सीमा नहीं होती और न ही कोई भाषा। बिहार के भागलपुर जिले से एक ऐसी ही ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ सामने आई है, जिसने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे सच्चे हों, तो सात समंदर की दूरी भी छोटी पड़ जाती है। यहां के बेलारी मिल्की गांव में इन दिनों जश्न का माहौल है, क्योंकि गांव के बेटे ऋषि की दुल्हन बनकर फिलीपींस की ‘सारा’ सात समंदर पार कर बिहार पहुंची हैं।
सोशल मीडिया पर खिंची प्रेम की लकीरें
इस अनोखी प्रेम कहानी की शुरुआत आज से करीब 10 साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। भागलपुर के ऋषि और फिलीपींस की रहने वाली सारा की मुलाकात इंटरनेट की दुनिया में हुई। शुरुआती बातचीत दोस्ती में बदली और देखते ही देखते यह दोस्ती गहरे प्यार का रूप ले गई। एक दशक तक दोनों ने न सिर्फ एक-दूसरे की संस्कृति को समझा, बल्कि मुश्किल समय में भी एक-दूसरे का साथ निभाया।
प्यार के लिए जुटाए संसाधन
ऋषि, जो वर्तमान में एक निजी कंपनी में टेक्निकल एसोसिएट के रूप में कार्यरत हैं, उनके लिए यह सफर इतना आसान नहीं था। विदेशी दुल्हन को घर लाने और उससे मिलने के लिए ऋषि ने कड़ी मेहनत की। उन्होंने करीब 2.5 लाख रुपये खर्च कर अपना वीजा और पासपोर्ट बनवाया। अपने प्यार को पाने की जिद और जुनून ऋषि को फिलीपींस ले गया, जहां उन्होंने सारा और उनके माता-पिता से मुलाकात की। ऋषि के व्यवहार और समर्पण ने सारा के परिवार का दिल जीत लिया, जिसके बाद दोनों परिवारों ने इस रिश्ते को आधिकारिक मंजूरी दे दी।
हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ विवाह
हाल ही में सारा अपने माता-पिता के साथ फिलीपींस से सीधे भागलपुर के बेलारी मिल्की गांव पहुंचीं। यहां सारा का भव्य स्वागत हुआ। विदेशी दुल्हन ने न केवल भारतीय परिवेश को अपनाया, बल्कि पूरे विधि-विधान और पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज के साथ ऋषि के साथ सात फेरे लिए। लाल जोड़े में सजी सारा और देसी दूल्हे ऋषि की जोड़ी को देखने के लिए पूरे इलाके से लोग उमड़ पड़े।
इलाके में चर्चा का विषय
यह शादी केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि दो अलग-अलग देशों और संस्कृतियों का संगम बन गई है। फिलहाल ऋषि और सारा अपनी नई जिंदगी की शुरुआत को लेकर बेहद उत्साहित हैं। स्थानीय लोग इस विवाह को ‘सच्चे प्रेम की जीत’ बता रहे हैं। भागलपुर के इस छोटे से गांव की यह प्रेम कहानी अब सोशल मीडिया से लेकर हर जुबान पर छाई हुई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

