Bihar Top News Today 27 april 2026: बिहार (BIHAR) में आज 27 अप्रैल को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

6 लोगों ने पिया जहर

सहरसा। जिले के बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र स्थित भगवानपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ही परिवार के 6 लोगों द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने की खबर सामने आई। पीड़ितों में एक महिला और उसके पांच बच्चे शामिल हैं। सभी को गंभीर हालत में स्थानीय लोगों की मदद से शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शराबबंदी पर डिप्टी CM का तर्क

पटना। बिहार में मध निषेध, उत्पाद और निबंधन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का रिपोर्ट कार्ड पेश किया है। इस दौरान सरकार ने राजस्व वसूली से लेकर डिजिटाइजेशन और शराबबंदी तक बड़े-बड़े दावे किए हैं। उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि, वित्तीय वर्ष 2025-26 में निबंधन विभाग ने 8403 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह किया गया, जो तय लक्ष्य 8250 करोड़ के मुकाबले 101.86 प्रतिशत है। किया है। डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि, राज्यभर में 84 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। ड्रोन, स्निफर डॉग और स्कैनर की मदद से निगरानी की जा रही है। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, 2016 से मार्च 2026 तक 11 लाख से ज्यादा केस दर्ज हुए हैं और 4 करोड़ 83 लाख लीटर से ज्यादा शराब जब्त की गई है।

सम्राट की बुलडोजर कार्रवाई पर चिराग ने दी नसीहत

पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों अवैध अतिक्रमण पर चल रहा ‘बुलडोजर एक्शन’ और ‘शराबबंदी कानून’ चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने इन संवेदनशील मुद्दों पर अपनी स्पष्ट और संतुलित राय रखी है। उन्होंने सरकार की कार्रवाई का समर्थन तो किया, लेकिन साथ ही मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखने की नसीहत भी दी।

बेघर होने की कगार पर दर्जनों परिवार

पटना। बिहार की सियासत में बदलाव और सम्राट चौधरी के सत्ता की कमान संभालते ही प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। पटना के राजपुर इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नगर निगम की टीम ने कई अपार्टमेंट और मकानों पर लाल निशान लगाते हुए उन्हें अवैध घोषित कर दिया। घरों की दीवारों पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा है— “COMPLETE BUILDING TO BE DEMOLISHED”।

फिलीपींस की सारा बनीं बिहार की बहू

भागलपुर। कहते हैं कि प्यार की कोई सीमा नहीं होती और न ही कोई भाषा। बिहार के भागलपुर जिले से एक ऐसी ही ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ सामने आई है, जिसने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे सच्चे हों, तो सात समंदर की दूरी भी छोटी पड़ जाती है। यहां के बेलारी मिल्की गांव में इन दिनों जश्न का माहौल है, क्योंकि गांव के बेटे ऋषि की दुल्हन बनकर फिलीपींस की ‘सारा’ सात समंदर पार कर बिहार पहुंची हैं।

अस्पताल के बाहर लाश रखकर प्रदर्शन

पटना। राजधानी पटना के राजा बाजार स्थित प्रतिष्ठित पारस अस्पताल में सोमवार को उस वक्त युद्ध का मैदान जैसा नजारा बन गया, जब एक 15 वर्षीय किशोर की मौत के बाद उसके परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने न केवल अस्पताल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की, बल्कि बेली रोड पर शव रखकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। ​मिली जानकारी के अनुसार, मृतक किशोर की पहचान विशाल के रूप में हुई है, जो फुलवारी शरीफ इलाके का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि विशाल मोहल्ले में ही क्रिकेट खेल रहा था, तभी खेल के दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस झड़प में विशाल को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तुरंत राजा बाजार स्थित पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मां ने की 11 साल की बेटी की हत्या

भागलपुर। जिले से ममता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पीरपैंती प्रखंड के बाखरपुर थाना क्षेत्र में एक कलयुगी मां ने अपने अवैध संबंधों का राज खुलने के डर से अपनी ही 11 साल की मासूम बेटी को मौत के घाट उतारने की साजिश रच डाली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी महिला फिलहाल फरार है।

ऑटो और स्कॉर्पियो की टक्कर में 3 की मौत

छपरा। सारण जिले के छपरा हाजीपुर सड़क मार्ग पर दिघवारा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव के समीप रविवार की देर रात्रि टेंपू और स्कॉर्पियो की टक्कर में टेंपू पर सवार एक ही गांव के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि उसी पर सवार पांच यात्री घायल हो गए. घटना के बाद अफरातफरी मच गई और पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से देर रात घायलों को सीएचसी दिघवारा पहुंचाया गया, जहां सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया.

अरुण भारती ने तेजस्वी की राजनीति को बताया ‘ओछी’

पटना। पश्चिम बंगाल में महिला आरक्षण पर घेराव लोजपा (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद ममता बनर्जी ने महिला आरक्षण बिल का विरोध किया। भारती ने जनता से अपील की कि जो सरकार महिलाओं के अधिकारों को बाधित करने का प्रयास करे, उसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब बंगाल की जनता को इस “महिला विरोधी” सोच को पलटकर एनडीए को सेवा का मौका देना चाहिए।

बिहार में डबल मर्डर

Bihar Crime: बिहार के बांका जिले से आज सोमवार की सुबह दिल को दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां अमरपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। एक ओर मकई के खेत में महिला का अर्धनग्न हालत में शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। वहीं, दूसरी ओर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे लोगों में भय का माहौल कायम हो गया।