बस्तर। प्रदेश कांग्रेस ने संगठन विस्तार करते हुए विधि विभाग में नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस फैसले से बस्तर समेत कई जिलों में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ने के संकेत मिले हैं। अवधेश झा को प्रदेश महामंत्री के साथ बस्तर संभाग प्रभारी बनाया गया है। विजय प्रकाश दास को बस्तर जिला विधि विभाग की कमान सौंपी गई है। दुर्ग के सौरभ ताम्रकर को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया। महासमुंद के राजेश डडसेना को प्रदेश सचिव बनाया गया है।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : साय कैबिनेट की बैठक आज, जनजाति सलाहकार परिषद की बैठक लेंगे CM, कांग्रेस विधायक दल की होगी बैठक, छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट आज… पढ़ें और भी खबरें

पार्टी इसे जमीनी स्तर पर कानूनी लड़ाई मजबूत करने की रणनीति मान रही है। आने वाले समय में विधिक सहायता शिविरों पर जोर बढ़ सकता है। स्थानीय मुद्दों को अदालत और प्रशासन तक पहुंचाने पर फोकस रहेगा। बस्तर संभाग में इस फैसले को नई ऊर्जा के रूप में देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं में नई जिम्मेदारियों को लेकर उत्साह है। अब नजर इन नियुक्तियों के बाद संगठन की सक्रियता पर रहेगी।

narayana

दुनिया के तनाव से दुधावा का कारोबार ठप

कांकेर। वैश्विक तनाव का असर अब कांकेर के दुधावा जलाशय तक पहुंच गया है। तिलापिया मछली का निर्यात पूरी तरह बंद होने से कारोबार थम गया है। यह मछली बड़े पैमाने पर विदेशी बाजार खासकर अमेरिका भेजी जाती थी। बीते एक माह से कारोबार लगभग पूरी तरह बंद बताया जा रहा है। जलाशय में तैयार मछलियां फंसी हुई हैं, और वजन लगातार बढ़ रहा है।

मानक से अधिक वजन होने पर निर्यात मुश्किल हो सकता है। स्थानीय बाजार में तिलापिया की मांग बेहद सीमित है। मछुआरों और व्यापारियों को करोड़ों के नुकसान की आशंका है। नए बीज डालने को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। मछलियों के ज्यादा समय तक रुकने से मरने का खतरा भी है। सैकड़ों परिवारों की आजीविका इस कारोबार पर टिकी है। अब सभी की नजर अंतरराष्ट्रीय हालात सामान्य होने पर है।

गुरिल्ला ट्रेनिंग के बीच तेंदुए की एंट्री

जगदलपुर। जंगलवार कॉलेज के पीछे जंगल में जवानों की ट्रेनिंग के दौरान अफरा-तफरी मच गई। रात्रीकालीन एम्बुश अभ्यास के बीच अचानक एक तेंदुआ घेरे में फंस गया। घना जंगल और अंधेरा होने से शुरुआत में किसी को भनक नहीं लगी। हलचल बढ़ते ही तेंदुआ तेजी से बाहर निकलने लगा। भागने के दौरान एक जवान को पंजे का नाखून लग गया। घायल जवान को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। चोट सामान्य बताई गई है। यहां नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष गुरिल्ला प्रशिक्षण दिया जाता है। पहले भी जवानों का सामना जंगली जानवरों से होता रहा है। लेकिन एम्बुश घेरे में तेंदुए का फंसना असामान्य माना जा रहा है। घटना के बाद सतर्कता और सुरक्षा निर्देश बढ़ा दिए गए हैं।

ताश के पत्तों पर दांव, चार सीधे जेल

कांकेर। चारामा थाना क्षेत्र के हिंगनझर गांव में जुए पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके से चार लोगों को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ा गया। ताश के 52 पत्तों पर हार-जीत का खेल चल रहा था। आरोपियों से 11 हजार 40 रुपये नगद जब्त किए गए। दो मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं। सभी आरोपियों पर जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ। पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजा गया। ग्रामीण इलाकों में अवैध जुए पर नजर रखने की बात कही गई है। पुलिस ने ऐसी गतिविधियों पर सख्ती जारी रखने के संकेत दिए हैं। चारामा क्षेत्र में कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।

हादसे के बाद भी नहीं बच पाए गांजा तस्कर

कांकेर। नरहरपुर पुलिस ने फरार गांजा तस्करों को यूपी से गिरफ्तार किया है। 11 अप्रैल को क्रेटा वाहन में गांजा ले जाने की सूचना मिली थी। घेराबंदी देखकर आरोपी तेज रफ्तार में भागे और वाहन पलट गया। दुर्घटनाग्रस्त कार छोड़कर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। वाहन से 67 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त माल और वाहन की कीमत 43 लाख 69 हजार बताई गई। अतिरिक्त नंबर प्लेट भी पुलिस ने बरामद की। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन यूपी में मिली। बदायूं पहुंचकर टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया। कांकेर लाकर न्यायालय में पेश किया गया। उजियारा अभियान के तहत कार्रवाई जारी है।

शादी मंडप पहुंचकर रुकी नाबालिग की बारात

कोंडागांव। विश्रामपुरी में प्रशासन ने बाल विवाह रुकवाकर बड़ी कार्रवाई की है। 18 वर्ष 3 माह के युवक का विवाह तय किया गया था। सूचना मिलने पर तहसीलदार, पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन टीम पहुंची। दस्तावेजों और अंकसूची की जांच की गई।
जन्मतिथि के आधार पर युवक विवाह योग्य आयु से कम मिला। इसके बाद दोनों पक्षों को कानून की जानकारी दी गई। बाल विवाह के दुष्परिणाम भी समझाए गए।


परिजनों ने निर्धारित आयु पूरी होने तक विवाह टालने पर सहमति दी। मौके पर पंचनामा तैयार किया गया। ग्रामीणों और बुजुर्गों की मौजूदगी में समझाइश दी गई।।समय रहते कार्रवाई से एक और बाल विवाह रुक गया। प्रशासन ने जागरूकता बढ़ाने की बात कही है।

खटिया बनी एंबुलेंस, 19 किमी संघर्ष

नारायणपुर। बीनागुंडा गांव में बीमार युवक को अस्पताल पहुंचाने ग्रामीणों ने मिसाल पेश की। लकवाग्रस्त युवक को तीन दिन पहले अटैक आया था। परिजनों ने 108 सेवा को लगातार फोन किया, लेकिन मदद नहीं मिली। घंटों इंतजार के बाद ग्रामीण खुद मैदान में उतरे। करीब 20 लोगों ने युवक को खटिया में बांधा। इसके बाद 19 किलोमीटर कठिन रास्ता पैदल तय किया गया।

पहाड़ी और पथरीले रास्तों में हर कदम चुनौतीभरा था। छोटेबेटिया पहुंचने पर बीएसएफ कैंप से मदद मिली। फिर एंबुलेंस से मरीज को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना ने सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खोल दी। ग्रामीणों ने क्षेत्र में एंबुलेंस सेवा ठप रहने का आरोप लगाया। यह मामला व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।

रफ्तार के कहर में 17 साल की जिंदगी खत्म

जगदलपुर। सिटी कोतवाली क्षेत्र में बाईपास पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बेकाबू ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। फिर जगदलपुर और बाद में रायपुर रेफर किया गया। उसकी हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है। हादसा ओवरटेक के दौरान हुआ बताया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक पर मामला दर्ज किया। जिले में लगातार सड़क हादसे चिंता बढ़ा रहे हैं। एक दिन पहले भी ट्रक हादसे में जान गई थी। रफ्तार पर लगाम अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।

नौकरी छोड़ी, गांव में रोजगार खड़ा किया

केशकाल। केशकाल के युवा उद्यमी अखिल सोनी बदलाव की मिसाल बने हैं। कोविड काल में उन्होंने मल्टीनेशनल कंपनी की नौकरी छोड़ दी। इसके बाद अपने गृहग्राम लौटकर नया रास्ता चुना। जहां खान-पान सीमित था, वहां कैफे संस्कृति शुरू की।

शुरुआत में लोगों को सफलता पर भरोसा नहीं था। नई सोच और संसाधनों की कमी बड़ी चुनौती थी। अखिल ने बाहर से अनुभवी शेफ बुलाए। खुद सीखा और स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण दिया। आज कई आदिवासी युवा प्रोफेशनल अंदाज में काम कर रहे हैं। उन्हें रोजगार के साथ आत्मविश्वास भी मिला है। छोटे शहर में बड़े सपने सच होने की कहानी बन गई है। केशकाल में यह पहल युवाओं को नई दिशा दे रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m