फरीदाबाद की जेसी बोस यूनिवर्सिटी (YMCA) के बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र आदित्य ठाकुर ने ऑनलाइन जुए में भारी रकम गंवाने के कारण मानसिक तनाव में आकर खुदकुशी कर ली।
कृष्ण कुमार सैनी, फरीदाबाद। जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां ऑनलाइन गेमिंग और जुए की जानलेवा लत ने एक होनहार छात्र की जिंदगी खत्म कर दी। जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (YMCA) में बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र आदित्य ठाकुर ने लाखों रुपये हारने के सदमे में आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह दुखद मामला सेक्टर-77 स्थित जल विहार वेलफेयर सोसायटी का है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
लाइसेंसी रिवॉल्वर से बाथरूम में खुद को मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक आदित्य ऑनलाइन गेमिंग में लगातार पैसे हार रहा था। हार की भरपाई करने के चक्कर में वह कर्ज के मकड़जाल में फंसता गया और बड़ी रकम गंवा दी। भारी मानसिक दबाव के चलते उसने घर के बाथरूम में जाकर अपने ताऊ, जो सेना से सेवानिवृत्त हैं, की लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में आदित्य को निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें आदित्य ने ऑनलाइन गेमिंग में हुए भारी नुकसान को अपने इस खौफनाक कदम का कारण बताया है।
पुलिस जांच जारी और विशेषज्ञों की चेतावनी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बादशाह खान सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सुसाइड नोट के आधार पर हर कानूनी पहलू से जांच की जा रही है। यह घटना समाज और विशेषकर युवाओं के लिए एक चेतावनी है कि किस तरह ऑनलाइन गेमिंग का आकर्षण जानलेवा साबित हो सकता है। मनोवैज्ञानिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की डिजिटल गतिविधियों और उनके व्यवहार में आ रहे बदलावों पर पैनी नजर रखें।

