पटना। राजधानी के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह सनसनी फैल गई। राजा पुल के समीप एक 31 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मानपुर निवासी शिव शंकर चौहान के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री थे। वारदात उस समय हुई जब पूरा परिवार घर में होने वाली एक शादी की तैयारियों में जुटा था।

​चाय पीने निकले थे, वापस लौटी लाश

​मृतक की पत्नी अर्चना देवी ने बिलखते हुए बताया कि घर में शादी का माहौल था। रात 2:00 बजे तक मेहंदी की रस्में चलीं, जिसके बाद सभी सो गए थे। सुबह करीब 4:00 बजे शिव शंकर चाय पीने के बहाने घर से निकले थे। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। सुबह 6:00 बजे सूचना मिली कि सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई; वह शव शिव शंकर का ही था।

​CCTV में कैद हुई बदमाशों की दरिंदगी

​इस हत्याकांड का एक खौफनाक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि 5 बदमाश और एक महिला मिलकर शिव शंकर को गली में दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीट रहे हैं। बताया जा रहा है कि पास के ही एक मोहल्ले में हल्दी की रस्म चल रही थी, उसी दौरान यह विवाद शुरू हुआ। हालांकि, हत्या की सटीक वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन फुटेज बदमाशों की बर्बरता को बयां कर रहा है।

​दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

​शिव शंकर अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। वे पहले ऑटो चलाते थे और वर्तमान में राजमिस्त्री का काम कर रहे थे। उनकी मौत के बाद 9 साल की बेटी और 5 साल के बेटे के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। परिजनों का आरोप है कि उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया है।

​पुलिस और FSL की टीम जांच में जुटी

​घटना की जानकारी मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।