देहरादून. गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने को लेकर नेता विपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, घरेलू रसोई और छोटे व्यापारियों पर महंगाई का एक और बड़ा असर पड़ा है. जानकारी के अनुसार कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, इस अचानक हुई मूल्य वृद्धि से आम जनता के साथ-साथ होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ना तय है.

इसे भी पढ़ें- आइए एक दिन खुले मंच में और…गणेश गोदियाल की CM धामी को खुली चुनौती, जानिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने क्यों कहा ऐसा?

आगे उन्होंने कहा, लगातार बढ़ती महंगाई के बीच रसोई गैस की कीमतों में इस तरह का इजाफा सीधे तौर पर मध्यम वर्ग, निम्न आय वर्ग और छोटे व्यवसायों को प्रभावित करेगा. पहले से ही आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों से जूझ रही जनता के लिए यह निर्णय चिंता का विषय बन गया है. विशेष रूप से गृहिणियों के लिए घरेलू बजट संभालना और कठिन हो जाएगा, वहीं कॉमर्शियल गैस के दाम बढ़ने से खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी वृद्धि की आशंका है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ता पर पड़ेगा.

इसे भी पढ़ें- चारधाम यात्रा में 14 मौत : केदारनाथ में सबसे ज्यादा 8 मौत, जानिए अन्य धाम के आंकड़े

आगे यशपाल आर्य ने कहा, सरकार से अपेक्षा है कि वह आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इस मूल्य वृद्धि पर पुनर्विचार करे तथा राहत प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठाए. जनहित में यह आवश्यक है कि महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी नीतियां लागू की जाएं, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और आर्थिक संतुलन बनाए रखा जा सके.