गुलशन कुमार /नारनौल(महेंद्रगढ़). हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव नायन निवासी एक युवक की जयपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राकेश के रूप में हुई है, जो करीब 16-17 दिन पहले गांव के ही एक व्यक्ति के साथ मजदूरी करने जयपुर गया था। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार (1 मई) शाम उन्हें फोन के माध्यम से सूचना दी गई कि राकेश की करंट लगने से मौत हो गई है। सूचना देने वाला गांव का ही रोशन नामक व्यक्ति था, जो राकेश के साथ जयपुर में काम कर रहा था। इसके बाद रोशन शव को गांव लेकर पहुंचा।
हालांकि, जब परिजनों ने शव को देखा तो उन्होंने तुरंत ही मौत पर संदेह जताया और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि यदि मौत करंट लगने से हुई होती, तो शरीर पर उसके स्पष्ट निशान दिखाई देते, लेकिन ऐसा नहीं था।
शरीर पर मिले गंभीर चोटों के निशान
मृतक के भाई शेर सिंह ने आरोप लगाया कि राकेश के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे। उन्होंने बताया कि हाथों से लेकर पेट तक मारपीट के निशान दिखाई दे रहे थे, शरीर के कई हिस्सों की त्वचा काली पड़ी हुई थी और नाक से गहरा खून निकल रहा था। इन परिस्थितियों में परिजनों ने इसे सामान्य हादसा मानने से इनकार कर दिया।

चार दिन का गैप बना रहस्य
परिवार ने यह भी बताया कि रोशन के अनुसार राकेश ने चार दिन पहले एक काम पूरा कर लिया था, जिसके बाद उसे किसी अन्य ठेकेदार के पास काम पर लगाया गया। इन चार दिनों के दौरान क्या हुआ, इसकी जानकारी अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। यही समय अवधि मामले को और अधिक संदिग्ध बना रही है।
तीन बच्चों का था पिता
मृतक राकेश शादीशुदा था और उसके दो बेटे व एक बेटी हैं। तीनों बच्चे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी राकेश के कंधों पर थी, ऐसे में उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा ह।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही नांगल चौधरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक के परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। साथ ही, उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
- सार्वजनिक भूमि पर सभी का समान अधिकार, एकतरफा उपयोग कानूनन स्वीकार्य नहीं- HC
- कलायत स्कूल में साइकिल वितरण समारोह, 27 छात्राओं को मिला लाभ
- CG Bear Attack : तेंदूपत्ता सीजन में जंगली जानवरों का आतंक! 6 भालुओं के दल ने 2 ग्रामीणों को किया घायल
- 108 एंबुलेंस सेवा होगी ठप! कर्मचारियों ने मानव श्रंखला बनाकर किया प्रदर्शन, हड़ताल की दी चेतावनी
- Rajasthan News: नो बैग डे पर पानी पीते ही बिगड़ी 13 बच्चों की तबीयत, शरीर पर पड़े लाल चकत्ते, मची चीख-पुकार

