हेमंत शर्मा, इंदौर। हवाई सफर को सबसे सुरक्षित माना जाता है, लेकिन मुंबई इंदौर रूट पर जो हुआ, उसने इस भरोसे को झटका दे दिया। मुंबई से इंदौर आ रही Air India की फ्लाइट A 1-12591 में एक फर्नीचर व्यापारी के बैग से कीमती सामान चोरी हो गया। मामला सामने आते ही एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित व्यापारी हिमांशु गुप्ता ने एरोड्रम थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इंदौर एयरपोर्ट पहुंचकर अपना बैग देखा तो उसका लॉक टूटा हुआ था तभी बैग खोलकर देखा, तो उसमें रखा कीमती सामान गायब था। चोरी हुए सामान में एक महंगी राडो घड़ी, महंगा परफ्यूम और लेदर का बेल्ट शामिल है।

चोरी मुंबई एयरपोर्ट पर लगे शिफ्टिंग के दौरान

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह चोरी मुंबई एयरपोर्ट पर लगे शिफ्टिंग के दौरान हुई है या फिर इंदौर एयरपोर्ट पर इसको लेकर पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई है। सवाल सीधा एयरलाइन और एयरपोर्ट सुरक्षा पर उठता है। मामले में थाना प्रभारी ने शुरुआती जांच के आधार पर शक जताया है कि लैगेज शिफ्टिंग के दौरान चोरी हुई हो सकती है। यानी बैग जब एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर किया जा रहा था, उसी दौरान किसी ने मौका देखकर सामान पार कर दिया। फिलहाल पुलिस इस एंगल से जांच कर रही है और एयरपोर्ट स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।

क्या सीसीटीवी कैमरे सिर्फ दिखावे के लिए

लेकिन यहां बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों की सुरक्षा व्यवस्था वाले एयरपोर्ट पर अगर यात्रियों का सामान भी सुरक्षित नहीं है, तो जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या सीसीटीवी कैमरे सिर्फ दिखावे के लिए हैं? और क्या एयरलाइंस यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर गंभीर हैं या नहीं? यह घटना सिर्फ एक व्यापारी की परेशानी नहीं है, बल्कि हर उस यात्री के लिए चेतावनी है जो अपने कीमती सामान के साथ फ्लाइट में सफर करता है। अगर इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस जांच जारी है, लेकिन जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह सवाल हवा में तैरता रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m