भुवनेश्वर: ओडिशा में औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी अब गुजरात के निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए तैयार हैं. राज्य में पूंजी निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री 5 मई से 7 मई तक गुजरात के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रहेंगे.

मुख्यमंत्री अपने इस दौरे के दौरान गुजरात के 4 प्रमुख शहरों का दौरा करेंगे और दिग्गज उद्योगपतियों तथा उद्यमियों के साथ चर्चा करेंगे. आज अहमदाबाद में एक भव्य निवेशक रोड-शो (Investor Roadshow) आयोजित किया जाएगा. यहाँ मुख्यमंत्री विभिन्न उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन (One-to-one) बैठकें करेंगे.

व्यापार और परिवहन क्षेत्र में संभावनाओं को टटोलने के लिए मुख्यमंत्री मुंद्रा पोर्ट का निरीक्षण करेंगे. दौरे के अंतिम दिन वडोदरा में निवेशक सम्मेलन आयोजित होगा, जिसके बाद उनका केवडिया जाने का कार्यक्रम है.

इन क्षेत्रों पर रहेगा मुख्य ध्यान:

ओडिशा सरकार मुख्य रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों में निवेश लाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है:

कपड़ा और परिधान उद्योग (Textiles & Apparel)

रसायन और पेट्रोकेमिकल्स

धातु और डाउनस्ट्रीम उद्योग

फार्मास्यूटिकल्स और चिकित्सा उपकरण

इस दौरे पर मुख्यमंत्री के साथ उद्योग एवं कौशल विकास मंत्री संपद चंद्र स्वाइन और राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं.
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रवाना होने से पहले कहा कि ओडिशा का मजबूत बुनियादी ढांचा और कुशल कार्यबल निवेशकों के लिए एक सुनहरा अवसर है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा 2036 तक ओडिशा को एक समृद्ध अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में नए रास्ते खोलेगा.