परवेज खान, यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले में सरकारी अस्पतालों में स्टाफ की कमी को लेकर जिला कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहरी और ग्रामीण कांग्रेस नेताओं ने जगाधरी सिविल अस्पताल में मानव श्रृंखला बनाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर खाली पदों को जल्द भरने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जिला ग्रामीण कांग्रेस प्रधान नरपाल सिंह गुर्जर और शहरी कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की भारी कमी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में दाखिल की गई आरटीआई से खुलासा हुआ है कि स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न वर्गों में 50 प्रतिशत से अधिक पद खाली पड़े हैं।


कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्टाफ की कमी के कारण सरकारी अस्पतालों में मरीजों को उचित इलाज नहीं मिल पा रहा, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है और उन्हें आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन पदों को नहीं भरा गया, तो कांग्रेस आने वाले दिनों में धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल जैसे कदम उठाएगी।