अजय सैनी, भिवानी. भिवानी-रोहतक मार्ग पर गांव नौरंगाबाद से खरक के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों और वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। विभाग और प्रशासन द्वारा इस मार्ग पर बने अनावश्यक और अत्यधिक ऊंचे स्पीड ब्रेकरों को हटा दिया गया है।
प्रशासन के इस कदम का क्षेत्र के दैनिक यात्रियों ने स्वागत किया है और इसे जनहित में लिया गया एक सराहनीय निर्णय बताया है। इस सकारात्मक बदलाव पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए समाजसेवी और दैनिक यात्री सुनील कादयान ने कहा कि ये ऊंचे ब्रेकर लंबे समय से राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बने हुए थे।
उन्होंने प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि नौरंगाबाद से खरक के बीच बने ये ऊंचे ब्रेकर न केवल वाहनों को नुकसान पहुंचा रहे थे, बल्कि एंबुलेंस में जाने वाले गंभीर मरीजों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहे थे। प्रशासन ने इन अवैध और ऊंचे ब्रेकरों को हटाकर वहां आधुनिक और नियमानुसार स्पीड ब्रेकर लगाने का जो निर्णय लिया है, वह बेहद प्रशंसनीय है। इससे अब हमारा सफर न केवल सुगम होगा, बल्कि समय की भी बचत होगी। कादयान और उनके साथियों ने मांग की है कि हूनामल प्याऊ के पास सडक़ के दोनों तरफ बने ब्रेकरों की स्थिति भी काफी खराब है। ये ब्रेकर मानकों के अनुरूप नहीं हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।
यात्रियों ने अनुरोध किया है कि इन ब्रेकरों को भी जल्द से जल्द नियमानुसार दुरुस्त किया जाए ताकि शहर के मुहाने पर लगने वाले जाम और झटकों से लोगों को राहत मिल सके। सडक़ से अवरोध हटने के बाद अब नौरंगाबाद-खरक खंड पर यातायात की गति सामान्य हुई है। यात्रियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले ऐसे सुधारों से आम जनता का सरकारी तंत्र पर विश्वास मजबूत होता है।

प्रशासन का आभार प्रकट करने वालों में सुनील कादयान के साथ मुख्य रूप से रविकांत सैनी, मिनू यादव, अनिल कादयान व अन्य कई दैनिक यात्री शामिल रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ-साथ सुरक्षित और सुचारू सडक़ें आज की प्राथमिक आवश्यकता हैं।
- मुख्यमंत्री साय ने पश्चिम बंगाल में जहां-जहां किया प्रचार, वहां-वहां जीती भाजपा
- 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म, अकेली देख पड़ोसी ले गया था घर, तंत्र-मंत्र का सामान भी बरामद
- एक महीने में 41 गुम मोबाइल बरामद, पुलिस ने लौटाए 10 लाख के फोन, साइबर सेल की सक्रियता से लोगों को राहत
- 85 साल का ‘बाहुबली’! तेंदुए ने किया गर्दन पर हमला, तो बुजुर्ग ने कान पकड़कर डंडे से कर दी ‘कुटाई’
- गैस सिलेंडर की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी, जनता की जेब पर सीधा हमला: विधायक पूजा

