कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाली पुलिस के बीच ही अनुशासन की धज्जियां उड़ गईं। मामला ग्वारीघाट थाने का है, जहां एक आरक्षक ने अपने ही थाना प्रभारी (TI) की कॉलर पकड़ ली और उनके साथ गाली-गलौज की। ​यह पूरा विवाद थाने में ‘गणना’ (Roll Call) के दौरान हुआ। 

बताया जा रहा है कि, थाना प्रभारी हरिकिशन आटनेरे ने आरक्षक अजय लोधी से उनके काम को लेकर सवाल किया था। काम पर सवाल उठाते ही आरक्षक अपना आपा खो बैठा। देखते ही देखते बात धक्का-मुक्की और गाली-गलौज तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुस्से में पागल आरक्षक ने सरेआम टीआई की कॉलर पकड़ ली। थाने में मौजूद अन्य स्टाफ ने जैसे-तैसे बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।

यह भी पढ़ें: जबलपुर में 1 हजार करोड़ के फ्लाईओवर से गिरने लगे कंक्रीट, बाल-बाल बचे राहगीर, एक साल पहले हुआ था निर्माण

जैसे ही इस हाई-प्रोफाइल विवाद की सूचना पुलिस अधीक्षक (SP) को मिली, उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक्शन लिया ​और अनुशासनहीनता के आरोपी आरक्षक अजय लोधी को एसपी ने तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए जा सकते हैं।

टीआई की ​अजीबोगरीब सफाई।

​हैरानी की बात यह है कि जहां एक तरफ पुलिस महकमा इस घटना से शर्मिंदा है। वहीं टीआई हरिकिशन आटनेरे इस पूरी घटना को ‘सामान्य बात’ बताकर टालने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, सरेआम हुई इस धक्का-मुक्की ने पुलिस की कार्यप्रणाली और आपसी तालमेल पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें: खंभे से टकराई कार, दोस्त की शादी से लौट रहे 2 लोगों की जिंदा जलकर मौत, पटाखे की वजह से हुआ हादसा

सवाल यह है कि क्या पुलिस के भीतर बढ़ता काम का दबाव इस तरह के व्यवहार का कारण है? या फिर खाकी का रूतबा अब अपनों पर ही भारी पड़ने लगा है? फिलहाल, आरक्षक लाइन हाजिर है, लेकिन इस घटना ने जबलपुर पुलिस की छवि को एक बार फिर दागदार कर दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m