चंडीगढ़। संगरूर से आम आदमी पार्टी के लोकसभा सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों और राजनीतिक हालात को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में भाजपा की जीत लोकतंत्र की जीत नहीं, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग और धांधली का परिणाम है। मीत हेयर ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि एक सोची-समझी साजिश के तहत मतदाता सूची से लगभग 90 लाख वोट काट दिए गए।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह खास तौर पर उन निर्वाचन क्षेत्रों में किया गया, जहां पिछली बार भाजपा बहुत कम अंतर से चुनाव हारी थी। हेयर के मुताबिक, यह पूरी तरह से राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई थी। सांसद ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान ममता बनर्जी के खिलाफ ईडी, सीबीआई और पूरी सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय राजनीतिक प्रबंधकों और उम्मीदवारों के स्टाफ को गिरफ्तार करना चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की एक जानबूझकर की गई कोशिश थी।

स्वतंत्र संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मीत हेयर ने कहा कि चुनाव आयोग जैसे संस्थानों को हाईजैक कर लिया गया है, जो देश को तानाशाही की ओर ले जा रहा है। उन्होंने पाकिस्तान का उदाहरण देते हुए चेतावनी दी कि यदि इन संस्थानों की अखंडता से समझौता किया गया, तो भारत की स्थिति भी पड़ोसी देशों जैसी हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।

राघव चड्ढा के पाला बदलने पर पलटवार

आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बयानों का जवाब देते हुए मीत हेयर ने कहा कि पंजाब के लोग पुलिस, अर्धसैनिक बलों या केंद्रीय एजेंसियों के डर के आगे नहीं झुकेंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गुलामी सहना पंजाबियों के खून में नहीं है। पंजाब के लोगों को प्यार से जीता जा सकता है, लेकिन डराकर नहीं। ईडी और सीबीआई का डर कहीं और काम कर सकता है, लेकिन पंजाब में इसका कोई असर नहीं होगा।