(प्रवीण भारद्वाज) पानीपत। हरियाणा के पानीपत में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन कुंडू को विदेश से 5 करोड़ रुपये की फिरौती और जान से मारने की धमकी मिलने के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने गंभीर सवाल उठाते हुए राज्य की कानून व्यवस्था पर निशाना साधा।

सेक्टर-18 स्थित सचिन कुंडू के निवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि उन्हें एक विदेशी नंबर से कॉल कर 5 करोड़ रुपये की मांग की गई। रकम न देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है।इस पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सचिन कुंडू एक सक्रिय सामाजिक और राजनीतिक व्यक्तित्व हैं, जो पानीपत ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ चुके हैं और हरियाणा यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब ऐसे लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?हुड्डा ने कहा कि सचिन कुंडू और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना हरियाणा सरकार, पुलिस प्रशासन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सीधी जिम्मेदारी है।

भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले गैंगस्टरों की धमकियां जेलों से आती थीं, लेकिन अब विदेशों से कॉल आ रही हैं, जिससे साफ है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अपराधियों पर कड़ा नियंत्रण था, लेकिन वर्तमान में हालात चिंताजनक हो गए हैं।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार की कमजोर नीतियों के कारण अपराधी बेखौफ हैं और आम लोग डर के कारण शिकायत तक दर्ज नहीं करा रहे।सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मांग की कि इस मामले में तुरंत सख्त कार्रवाई करते हुए दोषियों को गिरफ्तार किया जाए और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि पूरे राज्य की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।