कुंदन कुमार, पटना। बिहार की सियासत के लिए आज यानी गुरुवार (7 मई) का दिन काफी अहम होने वाला है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज सम्राट सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है, जहां राज्यपाल सैयद अता हसनैन मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। भाजपा-जदयू एंव अन्य सहयोगी दल से कुल 30 मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इस बीच मंत्रियों के शपथ लेने को लेकर फाइनल लिस्ट सामने आई है।
जदयू से ये नेता लेंगे मंत्री पद की शपथ
जदयू कोटे से मंत्रियों की सूची में सबसे चर्चित नाम पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का है, जो आज मंत्री पद की लेंगे। सम्राट सरकार में उन्हें अहम भूमिका मिल सकती है। निशांत कुमार के अलावा जदयू से श्रवण कुमार ,मदन सहनी, लेसी सिंह ,श्वेता गुप्ता ,भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत, बुलो मंडल, सुनील कुमार,शीला मंडल, रत्नेश सदा, जमा खान, अशोक चौधरी मंत्री पद की शपथ लेंगे। जदयू से बुलो मण्डल, श्वेता गुप्ता, भगवान सिंह कुशवाहा और निशांत कुमार पहली बार मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
मंगल पांडेय और श्रेयसी सिंह का पत्ता कटा
सम्राट कैबिनेट में बीजेपी से दिग्गज नेताओं के साथ कुछ युवा और नए चेहरों मंत्रिमंडल में शामिल हो रहे हैं। बीजेपी से राम कृपाल यादव, केदार गुप्ता, नीतीश मिश्रा, मिथलेश तिवारी, रमा निषाद, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी, लखविंदर पासवान, संजय टाइगर, इंजीनियर कुमार शैलेंद्र, नंद किशोर राम, रामचंद्र प्रसाद मंत्री पद की शपथ लेंगे। बीजेपी से मिथिलेश तिवारी, नीतीश मिश्रा, इंजीनियर शैलेन्द्र, नन्द किशोर राम, रामचंद्र प्रसाद पहली बार कैबिनेट में शामिल होने जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार मंगल पांडेय और श्रेयसी सिंह का नाम मंत्रिमंडल से कट गया है।
LJPR से दो मंत्री लेंगे पद की शपथ
बीजेपी-जदयू के अलावा एनडीए के घटक दलों से भी मंत्री बनाए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार चिराग की एलजेपी (आर) से दो विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं, जीतन राम मांझी की हम और उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो से एक-एक विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले पीएम मोदी का रोड शो
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और गृहमंत्री अमित शाह कल बुधवार की शाम से ही पटना में डेरा जमाए हुए हैं। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ एनडीए के तमाम बड़े नेता शामिल हो होंगे। पीएम मोदी 11 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां बीजेपी नेताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे 11 बजकर 10 मिनट पर पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक पीएम मोदी रोड शो करेंगे। इस दौरान जगह-जगह उनका स्वागत किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- सीवान में ज्वेलरी शॉप से 20 लाख की लूट: तेजस्वी का CM सम्राट पर तंज, बोले- जाति देख मारी जाएगी गोली
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

