पंजाब में चुनाव से पहले फिर बढ़ी दहशत, लगातार धमाकों ने बढ़ाई सुरक्षा एजेंसियों की चिंता
चंडीगढ़। सीमावर्ती राज्य पंजाब में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आते हैं, वैसे-वैसे सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता भी बढ़ने लगती है। पिछले कुछ चुनावों का रिकॉर्ड देखें तो हर बार मतदान से पहले राज्य में ब्लास्ट, ड्रोन मूवमेंट, हथियार बरामदगी और आतंकी मॉड्यूल से जुड़े मामलों में अचानक तेजी देखने को मिली है।
2017 और 2022 विधानसभा चुनावों से पहले हुई बड़ी घटनाओं ने पूरे प्रदेश में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया था। अब 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भी लगातार सामने आ रहे धमाकों और संदिग्ध गतिविधियों ने एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया है।
2017 चुनाव से पहले हुआ था बड़ा कार ब्लास्ट
31 जनवरी 2017 को पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक चार दिन पहले बठिंडा के मौड़ मंडी में एक बड़ा कार ब्लास्ट हुआ था। जिस स्थान पर विस्फोट हुआ, वहां अकाली दल-भाजपा गठबंधन की चुनावी रैली चल रही थी।
इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। चुनावी माहौल के बीच हुए इस धमाके ने पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
चुनावी दौर में बढ़ीं आतंकी गतिविधियां
इसके बाद भी चुनावी माहौल के दौरान कई टेरर मॉड्यूल पकड़े गए। जांच एजेंसियों ने हथियारों, आरडीएक्स और ड्रोन के जरिए हो रही सप्लाई के नेटवर्क का खुलासा किया।
मई 2022 में मोहाली स्थित पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस मुख्यालय पर आरपीजी हमला हुआ था, जिसने पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा।
2027 चुनाव से पहले फिर बढ़ा खतरा
अब 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीते पांच महीनों में हुई कई घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है।
चंडीगढ़ में भाजपा मुख्यालय के पास विस्फोट, अमृतसर के भिंडी सैदां इलाके में ब्लास्ट, राजपुरा रेलवे ट्रैक पर धमाका, जालंधर में भाजपा कार्यालय के बाहर विस्फोट और अमृतसर में सेना कैंप के आसपास संदिग्ध गतिविधियों ने एजेंसियों को हाई अलर्ट पर पहुंचा दिया है।
कई मामलों में जांच एजेंसियों ने आईईडी और सीमा पार नेटवर्क की आशंका भी जताई है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान से लगती सीमा के कारण पंजाब हमेशा संवेदनशील राज्यों में शामिल रहता है।
- Renewable Energy Network : Apple भारत में करेगा 100 करोड़ का निवेश, जानिए क्या-क्या बदलने वाला है ?
- ममता बनर्जी के किले में भगदड़ मची: बंगाल चुनाव में हार के बाद लग गई इस्तीफे की झड़ी, करीबी अधिकारी और सलाहकारों ने इस्तीफा दिया
- बड़ा हादसाः डबरी में डूबने से दो घरों के चिराग बुझे, ग्रामीणों ने लावारिस जूते देख पुलिस को दी थी सूचना
- भीषण सड़क हादसा में दो बाइकों की सीधी भिड़ंत, दो युवक गंभीर रूप से घायल, एक बाइक सवार फरार, जांच जारी
- फतेहाबाद में सनसनी: पहले मिली इंसानी खोपड़ी, अब खेतों में मिला युवक का कंकाल; 18 अप्रैल से लापता था विरसा सिंह

