सुशीला देवी, गुडगांव। गुडगांव में 63,500 रुपये की लंबित जुर्माना राशि और 18 पुराने चालानों के चलते यातायात पुलिस ने ऑटो को इंपाउंड कर लिया। कार्रवाई के बाद ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया।यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान अग्रेसन चौक पर जोनल अधिकारी उप निरीक्षक सुदेश, सिपाही मंजीत और अन्य पुलिसकर्मी वाहनों की जांच कर रहे थे।

इसी दौरान एक ऑटो को रोककर उसके दस्तावेज और ई-चालानों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि ऑटो पर मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत कुल 18 चालान लंबित हैं, जिनकी कुल जुर्माना राशि 63,500 रुपये पहुंच चुकी थी।

पुलिस के अनुसार ऑटो चालक पर Wrong Side Driving, बिना यूनिफॉर्म वाहन चलाना, बिना इंश्योरेंस, बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र, रोड मार्किंग उल्लंघन और Drunken Driving जैसे गंभीर ट्रैफिक नियम तोड़ने के आरोप में चालान किए गए थे। इनमें से कई चालान 90 दिनों से अधिक समय से लंबित पाए गए और चालक ने अब तक जुर्माना राशि जमा नहीं कराई थी।

इसके बाद यातायात पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 167(8) के तहत तुरंत कार्रवाई करते हुए ऑटो को इंपाउंड कर लिया और उसे राजीव चौक स्थित निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया गया।यातायात पुलिस गुरुग्राम ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय पर चालानों का भुगतान करें, वैध दस्तावेज साथ रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।