हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश का इंदौर एयरपोर्ट एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। इस बार मामला सीधे एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार पर लगे गंभीर आरोपों से जुड़ा है, जिसकी शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक पहुंच चुकी है। मामला सामने आते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम हरकत में आई और जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत में एयरपोर्ट डायरेक्टर पर अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज, भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। 

पीएमओ तक पहुंची शिकायत 

सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि एक मीटिंग के दौरान डायरेक्टर ने अधिकारियों से कथित तौर पर कहा—“आप लोग कोई काम नहीं करते, सिर्फ सूट पहनकर यहां लड़कियां ताड़ने आते हो।” इस बयान को लेकर कर्मचारियों में भारी नाराजगी बताई जा रही है। मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शिकायत सीधे पीएमओ, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री और एयरपोर्ट अथॉरिटी के उच्च अधिकारियों तक भेजी गई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, एयरपोर्ट डायरेक्टर लगातार अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव बनाते हैं और अपनी टीम की कमियों को छुपाने के लिए दूसरों को निशाना बनाते हैं। इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एयरपोर्ट से जुड़े ठेकों और टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ियां की गईं। गलतियों को सुधारने के बजाय नए टेंडर जारी कर वित्तीय अनियमितताओं को बढ़ावा दिया गया, जिससे एयरपोर्ट अथॉरिटी को आर्थिक नुकसान हुआ है। 

डायरेक्टर पर लगे गंभीर आरोप 

सीआईएसएफ से जुड़ा एक और गंभीर आरोप सामने आया है। शिकायत में कहा गया है कि एयरपोर्ट डायरेक्टर ने सीआईएसएफ से वाहन लेने के लिए अपने पद का दबाव बनाया और अनुचित मांगों को पूरा कराने की कोशिश की। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर गैर-जरूरी निर्माण कार्यों को बढ़ावा दिया गया, जिससे लाखों रुपए का खर्च बढ़ा। इस पूरे मामले में पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, एक अन्य चौंकाने वाला आरोप यह भी है कि एक सांसद के साथ दुर्व्यवहार किया गया। शिकायत के अनुसार, एयरपोर्ट डायरेक्टर ने कथित तौर पर कहा—“ये सांसद का आदमी है, इन्हें ज्यादा भाव मत दो।” इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है। 

आरोपों पर दी सफाई 

हालांकि, एयरपोर्ट डायरेक्टर ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद और तथ्यों से परे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा नियमों के अनुसार काम किया है और किसी के साथ गलत व्यवहार नहीं किया। फिलहाल, एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीम जांच में जुटी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि जांच में क्या सच सामने आता है—क्या ये आरोप हकीकत हैं या फिर किसी साजिश का हिस्सा? फिलहाल, इंदौर एयरपोर्ट का यह विवाद चर्चा के केंद्र में बना हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m