राजेश वर्मा, नारायणगढ़ (अम्बाला)। उपमण्डल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में नारायणगढ़-डेहर अम्बली रोड स्थित डेरा के राम करण और चमन लाल सहित अन्य लोगों ने उनके घरों में ट्यूबल बिजली सप्लाई के स्थान पर 24 घंटे घरेलू बिजली सप्लाई शुरू करवाने का अनुरोध किया। वार्ड-8 नारायणगढ़ की लाजो देवी और गांव बधौली की सावित्री देवी ने बीपीएल राशन कार्ड कटने की समस्या रखी। कालाआम्ब की गुड्डो ने दस्तावेजों में नाम गलत होने के कारण वृद्धावस्था पेंशन नहीं लग पाने की शिकायत दी।

गांव हुसैनी के रामचन्द्र और गांव बड़ागढ़ के गुरपाल सिंह ने परिवार पहचान पत्र में अन्य व्यक्तियों के बिजली बिल दर्ज होने की समस्या रखी। शहजादपुर की सोना देवी ने अपनी पोत्री का नाम आधार कार्ड में सही करवाने का अनुरोध किया, जबकि वार्ड-15 की उर्मिला ने वृद्धावस्था पेंशन लगवाने की मांग रखी। गांव हमीदपुर के अजय ने उनके परिवार पहचान पत्र में दो लड़कियों के नाम गलत तरीके से जुड़ जाने की शिकायत की।

नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे तथा प्राप्त शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई।