धनेश, रेवाड़ी। सीआईए रेवाड़ी इंचार्ज निरीक्षक सुमेर सिंह की टीम ने अंतरराज्यीय चेन स्नेचिंग गिरोह के एक अन्य सदस्य को गिरफ्तार किया है। इस आरोपी की पहचान ग्रीन पार्क नांगल जैसा बोहरा जयपुर हाल आबाद छापड़ा की ढाणी चौमुका जामारामगढ़ जयपुर निवासी सुमेर उर्फ बिंटू के रूप में हुई।

पुलिस इस मामले में इस गिरोह के मुख्य सरगना को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार नगर के सेक्टर 4 निवासी एक महिला ने अपनी शिकायत में बताया था कि गत 22 अक्टूबर को शाम के समय वह अपनी बेटी के साथ मॉडल टाउन स्थित शास्त्री चौक से कत्याल अस्पताल की ओर जा रही थी।

इसी दौरान एक बाइक पर दो युवक बाइक आए और उसके गले से एक मंगलसूत्र और एक धागे में सोने और चांदी के दो लोकेट को छीनकर भाग गए। इस पर पुलिस ने थाना माडल टाऊन रेवाड़ी में मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त अंतरराज्यीय चेन स्नेचिंग गिरोह के एक 5 हजार रुपए के इनामी सरगना राजस्थान के जिला कोटपुतली बहरोड़ के गांव रसनाली निवासी विक्रम को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

इस मामले में सीआईए रेवाड़ी ने बुधवार को मामले में संलिप्त गिरोह के एक और सदस्य जयपुर के ग्रीन पार्क नांगल जैसा बोहरा हाल आबाद छापड़ा की ढाणी चौमुका जामारामगढ़ जयपुर निवासी सुमेर उर्फ बिंटू को भी गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी सुमेर उर्फ बिंटू का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि आरोपी सुमेर उर्फ बिंटू एक आदतन अपराधी है और अंतरराज्यीय चेन स्नेचिंग गिरोह का सदस्य है। उसके खिलाफ इससे पहले भी राजस्थान के कोटपुतली, बहरोड़, नीमराना, जयपुर, भरतपुर व अन्य शहरों में चेन स्नेचिंग के 25 से ज्यादा मामले पहले से दर्ज हैं और कई मामलों में वह वांछित चल रहा था। पुलिस ने आरोपी सुमेर उर्फ बिंटू को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान चोरी किया मंगलसूत्र और इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों के ठिकानों का पता लगाया जाएगा। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।