भुवनेश्वर: ओडिशा की राजधानी के बाहरी इलाके बालियांता थाना क्षेत्र के भिंगारपुर में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. मामूली सड़क दुर्घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने ‘मॉब लिंचिंग’ (Mob Lynching) करते हुए एक GRP कॉन्स्टेबल की बेरहमी से हत्या कर दी. इस मामले में पुलिस ने अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया है.

मृतक की पहचान सौम्य रंजन स्वैन के रूप में हुई है, जो पिछले 12 वर्षों से कटक में GRP कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात थे. जानकारी के मुताबिक, सौम्य रंजन और उनके साथी ओमप्रकाश राउत मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी उनकी टक्कर दो युवतियों की स्कूटी से हो गई. युवतियों ने आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने उनके साथ बदसलूकी की और उन पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की. शोर सुनकर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस के पहुंचने से पहले ही कानून को अपने हाथ में ले लिया.
भीड़ ने सौम्य रंजन और ओमप्रकाश को काबू में कर एक बांस के पेड़ से बांध दिया. इसके बाद लकड़ी के फट्टों और डंडों से उन्हें तब तक पीटा गया जब तक कि वे अधमरे नहीं हो गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ का हिंसक रूप साफ देखा जा सकता है. सौम्य रंजन को गंभीर हालत में कैपिटल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके साथी ओमप्रकाश की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है.
मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पुलिस महानिदेशक (DGP) से बात कर मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे एक बर्बर कृत्य करार दिया और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए लोगों की सुरक्षा की मांग की.
पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं:
- महिलाओं की शिकायत पर सौम्य रंजन और उनके साथी के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला.
- सौम्य रंजन के परिवार की शिकायत पर हत्या का मामला.
पुलिस अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है. राजधानी के इतने करीब पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ऐसी घटना ने न्याय व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

