अजय सैनी, भिवानी। Physical Challenged Cricket Association of India (पीसीसीएआई) द्वारा दिव्यांग क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जून माह में श्रीलंका और अफगानिस्तान की टीमों के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी भिवानी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पीसीसीएआई के अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया ने दी।
उन्होंने बताया कि इससे पहले 17 से 25 मई तक बेंगलुरु में दक्षिण भारत के 12 राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमों के बीच 9 दिवसीय क्रिकेट कप का आयोजन होगा। वहीं 10 मई को ग्रेटर नोएडा के विजय सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दीपक लोहिया कप के तहत हरियाणा और उत्तर प्रदेश की दिव्यांग क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा।
BCCI का मिल रहा सहयोग
सुरेंद्र लोहिया ने कहा कि पीसीसीएआई दिव्यांग खिलाड़ियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि BCCI की ओर से भी संस्था को सहयोग मिल रहा है। बीसीसीआई अंतरराष्ट्रीय मैदानों पर मैच आयोजित करने की अनुमति देने के साथ-साथ खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन जैसी सुविधाओं में भी मदद कर रही है।
12 राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें लेगी हिस्सा
उन्होंने आगे बताया कि अगस्त और सितंबर में पंचकूला में उत्तर भारत के 12 राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमों के बीच प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए लगातार टूर्नामेंट कराए जाएंगे और इसमें सरकारी संस्थाओं के साथ-साथ निजी प्रायोजकों का भी अच्छा सहयोग मिल रहा है।

