पुष्पेंद्र, चरखी दादरी। जिले में अपराध नियंत्रण और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मजबूत करने को लेकर पुलिस प्रशासन ने बड़ी पहल की है। Logesh Kumar P, पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी ने जिले के पेट्रोल पंप मालिकों, संचालकों और ज्वैलर्स के साथ अहम बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
बैठक में जिलेभर के पेट्रोल पंप संचालकों, सर्राफा व्यापारियों और ज्वैलरी शोरूम संचालकों ने हिस्सा लिया।बैठक के दौरान एसपी ने कहा कि पेट्रोल पंप और ज्वैलरी प्रतिष्ठान संवेदनशील श्रेणी में आते हैं, जहां नकदी और कीमती सामान अधिक होने के कारण चोरी, लूटपाट और अन्य आपराधिक घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह गंभीर है, लेकिन इसमें व्यापारियों का सहयोग भी बेहद जरूरी है।

एसपी ने सभी संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों पर हाई क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैमरे पूरी तरह कार्यरत होने चाहिए और उनकी रिकॉर्डिंग क्षमता लंबी अवधि तक डेटा सुरक्षित रखने वाली हो। कैमरों का फोकस मुख्य गेट, कैश काउंटर, पार्किंग और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर होना जरूरी है, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में जांच में मदद मिल सके। साथ ही बैंक में कैश जमा करवाने के लिए समय और रास्ते बदलते रहने की सलाह भी दी गई।

ज्वैलरी शोरूम संचालकों को आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाने के निर्देश देते हुए एसपी ने कहा कि अलार्म सिस्टम, सेंसर लॉक, इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। वहीं पेट्रोल पंप संचालकों को पर्याप्त लाइटिंग, फायर सेफ्टी और रात के समय अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
बैठक में कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन पर भी विशेष जोर दिया गया। एसपी ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों का रिकॉर्ड, पहचान पत्र और मोबाइल नंबर सुरक्षित रखे जाएं। यदि कोई ग्राहक संदिग्ध लगे तो उससे पहचान पत्र मांगने में संकोच न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या वाहन की जानकारी तुरंत पुलिस थाना या डायल 112 पर देने को कहा गया।
बैठक के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों ने ऐसी घटनाओं का मुद्दा उठाया, जिनमें कुछ वाहन चालक नंबर प्लेट पर मिट्टी या ग्रीस लगाकर तेल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए फरार हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि नंबर प्लेट साफ न होने के कारण उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। वहीं ज्वैलर्स ने रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग रखी।
इस पर एसपी ने रात में गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया और सभी प्रतिष्ठानों पर एक रजिस्टर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गश्त के दौरान आने वाली पुलिस टीम रजिस्टर में अपनी एंट्री करेगी, जिससे निगरानी व्यवस्था और मजबूत होगी। बैठक में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामलों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को फर्जी ऑनलाइन पेमेंट स्क्रीनशॉट, साइबर फ्रॉड और नकली नोटों से सतर्क रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि किसी भी डिजिटल भुगतान की पुष्टि किए बिना सामान न दिया जाए और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अजनबी के साथ साझा न की जाए।एसपी ने व्यापारियों को सामूहिक सुरक्षा व्यवस्था अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि 500 मीटर के दायरे में आने वाले दुकानदार मिलकर एक चौकीदार नियुक्त करें, ताकि रात के समय सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस और व्यापारियों के बेहतर समन्वय से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
बैठक के अंत में व्यापारियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव पुलिस अधीक्षक के सामने रखे। एसपी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई और समाधान का भरोसा दिलाया।
- DC vs KKR IPL 2026: दिल्ली ने कोलकाता को 143 रन का दिया टारगेट, पाथुम निसांका ने लगाई फिफ्टी, अनुकूल-त्यागी ने झटके 2-2 विकेट
- छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव की घोषणा, 1 जून को होगा मतदान, 4 जून को आएंगे नतीजे
- किसानों की आय दोगुनी करना ही लक्ष्य: मंत्री रामकृपाल यादव ने संभाला कार्यभार, बोले- पैक्स के जरिए बदलेगी गांव की सूरत
- एआईएसबीआईएफ 25 और 26 मई को करेगा दो दिवसीय हड़ताल
- छात्र राजनीति से CM की कुर्सी तक, जानें शुभेंदु अधिकारी के उदय की कहानी

