सिरसा, (प्रजापति): सिरसा शहर के भादरा बाजार स्थित सेठ सागरमल सुराना जैन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार देर रात लगी भीषण आग ने स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और छात्राओं को चिंता में डाल दिया। आग स्कूल के मुख्य गेट के पास बिजली की मेन लाइन में अचानक फॉल्ट होने के कारण भड़की और देखते ही देखते रिकॉर्ड रूम तथा हॉल तक फैल गई। हादसे में स्कूल का करीब 5 से 7 वर्षों का महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलकर राख हो गया, जबकि कंप्यूटर, फर्नीचर, अलमारियां, बिजली फिटिंग और पंखों सहित अन्य सामान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग रात के समय लगी, जब स्कूल परिसर में छात्राएं मौजूद नहीं थीं। यदि यह हादसा दिन के समय होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्कूल में करीब 1150 छात्राएं शिक्षा ग्रहण करती हैं और दिन के समय परिसर में भारी संख्या में बच्चों व स्टाफ की आवाजाही रहती है। ऐसे में आग की घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे स्कूल में तैनात चौकीदार ने सबसे पहले धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। उसने तुरंत स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों और संस्था प्रधान को फोन कर घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में स्कूल कार्यकारिणी के सदस्य मौके पर पहुंच गए। वहीं स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बाद में फायर ब्रिगेड विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी तेजी से फैली कि रिकॉर्ड रूम में रखी फाइलें, दस्तावेज और रजिस्टर पूरी तरह जल गए। इसके अलावा हॉल में रखे कंप्यूटर सिस्टम, फर्नीचर, बिजली फिटिंग, पंखे और अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गए।
शनिवार सुबह जैसे ही घटना की सूचना शहर में फैली, बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ स्कूल पहुंचने लगे। स्कूल परिसर में जले हुए सामान और रिकॉर्ड को देखकर हर कोई हैरान नजर आया। अभिभावकों में इस बात को लेकर चिंता दिखाई दी कि बच्चों के दस्तावेज और रिकॉर्ड अब किस स्थिति में मिल पाएंगे। हालांकि कई लोगों ने राहत जताई कि हादसा रात में हुआ, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।स्कूल प्रबंधन के सदस्य भी सुबह से ही नुकसान का आंकलन करने में जुटे रहे। जले हुए रिकॉर्ड को अलग-अलग टेबलों पर रखकर जांच की जा रही थी कि कौन-कौन से दस्तावेज सुरक्षित बच पाए हैं। स्कूल स्टाफ भी रिकॉर्ड की जांच कर जरूरी दस्तावेज अलग करने में लगा रहा।
बताया जा रहा है कि स्कूल प्रबंधन पिछले करीब 10 वर्षों का रिकॉर्ड एक साथ रिकॉर्ड रूम में सुरक्षित रखता है। कुछ समय बाद पुराने रिकॉर्ड को अलग स्थान पर शिफ्ट किया जाता है। इस बार भी कुछ रिकॉर्ड को अलग रखने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। ऐसे में पिछले कई वर्षों का महत्वपूर्ण रिकॉर्ड आग की भेंट चढ़ गया। घटना के बाद शनिवार को कई अभिभावक अपने बच्चों की एसएलसी, प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज लेने स्कूल पहुंचे। विशेष रूप से बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थी अपने शैक्षणिक रिकॉर्ड को लेकर चिंतित दिखाई दिए। स्कूल स्टाफ जले हुए रिकॉर्ड में से दस्तावेजों को ढूंढने और सुरक्षित करने में लगा रहा। स्कूल संस्था के प्रधान मक्खन लाल गोयल ने बताया कि चौकीदार की सूचना मिलते ही वे अन्य कार्यकारिणी सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि आग मुख्य गेट के पास बिजली कनेक्शन और स्विच बोर्ड के निकट लगी, जहां से स्कूल में बिजली सप्लाई आगे जाती है। शुरुआती जांच में बिजली की मेन लाइन में फॉल्ट को आग लगने का कारण माना जा रहा है।उन्होंने कहा कि घटना की सूचना तुरंत संबंधित थाना पुलिस और फायर विभाग को दी गई थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, नहीं तो आग स्कूल के अन्य हिस्सों में भी फैल सकती थी। अभी नुकसान का पूरा आंकलन किया जा रहा है। रिकॉर्ड रूम में रखे दस्तावेजों को जांचा जा रहा है कि कितना रिकॉर्ड पूरी तरह नष्ट हुआ और कितना सुरक्षित बचाया जा सकता है। घटना के दौरान आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग के कर्मचारियों की मदद करने लगे। कई घंटों तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्कूल में लगी आग ने एक बार फिर सरकारी और निजी संस्थानों में फायर सेफ्टी इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लोगों का कहना है कि स्कूलों में नियमित रूप से बिजली लाइनों और सुरक्षा उपकरणों की जांच जरूरी है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल स्कूल प्रबंधन रिकॉर्ड को दोबारा व्यवस्थित करने और छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुटा हुआ है। वहीं अभिभावक भी उम्मीद कर रहे हैं कि बच्चों की पढ़ाई और दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान निकाला जाएगा।
- वैशाली में जमीनी रंजिश में लहूलुहान हुआ रिश्ता, ITBP जवान ने भाई को मारी गोली, लाइसेंस पिस्टल संग गिरफ्तार
- युवक की मौत से इलाके में दहशत, क्या वायरल फोटो ही बनी जान की दुश्मन? पुलिस जांच तेज
- महर्षि कश्यप जयंती समारोह : गांव-गांव पहुंच रहे विधायक राम कुमार कश्यप, लोगों को दिया निमंत्रण
- बंद मकान में मिली खून से सनी लाश, फॉरेंसिक टीम को मिले चौंकाने वाले सुराग
- MP कांग्रेस का प्रोजेक्ट M: अल्पसंख्यक महिलाओं की होगी अलग फोर्स, PCC चीफ करेंगे लॉन्चिंग

