सोनीपत में पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड से मुरथल अड्डा तक विशेष अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाया। इस कार्रवाई के तहत सड़कों और फुटपाथों को पूरी तरह अवरोध मुक्त किया गया।

संजीव घनगस,सोनीपत। पुलिस आयुक्त ममता सिंह, IPS और पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक नरेंद्र कादयान के कुशल मार्गदर्शन में शहर में सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज सोमवार को सिटी ट्रैफिक नॉर्थ जोन इंचार्ज निरीक्षक हरिकिशन के नेतृत्व में Sonipat Police Anti Encroachment Drive के तहत बस स्टैंड क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। टीम ने सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह हटा दिया है। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया।

सड़कों से हटाए अवैध ढांचे

इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान बस स्टैंड सोनीपत से लेकर मुरथल अड्डा तक सड़क किनारे बनाए गए सभी अस्थायी ढांचे, अवैध रेहड़ियां और सामानों को हटाया गया। इसके साथ ही रास्ते में बाधा बन रहे अन्य अवरोधों को जब्त कर यातायात को पूरी तरह सुचारु और बाधारहित बनाया गया। अभियान के साथ-साथ अधिकारियों ने दुकानदारों, रेहड़ी संचालकों और आम लोगों को भविष्य में दोबारा सार्वजनिक स्थलों पर अवैध अतिक्रमण न करने के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि अतिक्रमण की वजह से आम जनता को होने वाली परेशानी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

सोनीपत पुलिस ने आम नागरिकों, स्थानीय व्यापारियों और रेहड़ी संचालकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों तथा सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करें। इसके साथ ही शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर में निर्बाध आवागमन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।