Lalluram.com की खास ग्राउंड रिपोर्ट: हाथों में तिरंगा, जुबां पर नारे और कंधे पर देवेंद्र महतो… रांची की सड़कों पर छात्रों का शक्ति प्रदर्शन


रांची। झारखंड में JPSC-JSSC को लेकर छात्रों का आंदोलन अब सड़क से विधानसभा तक पहुंच चुका है। अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में छात्र आज विधानसभा घेराव के लिए रांची की सड़कों पर उतरे। इस दौरान आंदोलन की एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने पूरे प्रदर्शन को और खास बना दिया। छात्र नेता देवेंद्र महतो को छात्र कंधे पर उठाकर आगे बढ़ते नजर आए।


Lalluram.com की खास ग्राउंड रिपोर्ट में देखिए आंदोलन की जमीनी तस्वीर…
कंधे पर देवेंद्र महतो और साथ में छात्रों का हुजूम


विधानसभा घेराव के लिए निकले छात्रों के बीच उस वक्त खास नजारा देखने को मिला, जब देवेंद्र महतो को छात्रों ने कंधे पर उठा लिया और भीड़ के बीच आगे लेकर बढ़ने लगे। आसपास बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे और नारेबाजी करते हुए आंदोलन में शामिल रहे।


कैमरे में कैद इन तस्वीरों में छात्रों का जोश साफ नजर आता है। कोई तिरंगा लेकर आगे बढ़ रहा है, तो कोई नारे लगाते हुए आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ा रहा है।


तिरंगा बना आंदोलन की पहचान
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र तिरंगा लेकर मार्च करते नजर आए। बारिश और तमाम चुनौतियों के बीच छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।
आंदोलनकारियों का कहना है कि उनका संघर्ष सिर्फ एक परीक्षा तक सीमित नहीं है। वे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, कथित अनियमितताओं की जांच और अभ्यर्थियों के हित में ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


एक तरफ छात्र, दूसरी तरफ पुलिस का घेरा
विधानसभा की ओर बढ़ते छात्रों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी नजर आई। रास्ते में पुलिस बल की मौजूदगी और बैरिकेडिंग के बीच छात्रों का हुजूम आगे बढ़ता रहा।
Lalluram.com के कैमरे में कैद तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि आंदोलन अब महज धरना स्थल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छात्र अपनी आवाज सीधे विधानसभा तक पहुंचाने के लिए सड़क पर उतर चुके हैं।


बातचीत के बाद भी नहीं थमा आक्रोश
छात्रों और सरकार के बीच बातचीत के कई दौर हो चुके हैं। JPSC-PT को लेकर सरकार की ओर से परीक्षा रद्द करने पर सहमति जताई गई है, लेकिन छात्रों की अन्य मांगों को लेकर गतिरोध बना हुआ है। इसी के बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया।अब आंदोलनकारी छात्र सरकार से सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि मांगों पर ठोस और लिखित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


ये तस्वीरें बताती हैं कि छात्रों का आंदोलन किस तरह जनभावना और युवाओं के आक्रोश का रूप लेता जा रहा है।
अब बड़ा सवाल यही है कि क्या विधानसभा घेराव के बाद सरकार छात्रों की बाकी मांगों पर कोई ठोस फैसला लेगी? या फिर JPSC-JSSC का यह आंदोलन आने वाले दिनों में और बड़ा रूप लेगा?