जयंत चौधरी को लेकर अखिलेश यादव के कथित बयान से नाराज राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम मेरठ में विरोध प्रदर्शन किया. कमिश्नरी चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका.

मेरठ. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के जयंत चौधरी को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम प्रदर्शन किया. कमिश्नरी चौराहे पर जुटे रालोद कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका.

बयान पर बढ़ी नाराजगी

अखिलेश यादव ने बीते दिनों एक कार्यक्रम के दौरान बिना नाम लिए अपने पूर्व सहयोगियों पर सियासी टिप्पणी की थी. उनके इस कथित बयान के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नाराजगी सामने आई है.

रालोद के छोटे से लेकर बड़े नेताओं तक के निशाने पर अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव हैं. कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस बयान को लेकर उनमें काफी आक्रोश है.

रालोद ने किया प्रदर्शन

बुधवार शाम राष्ट्रीय लोकदल की युवा इकाई के कार्यकर्ता एकजुट हुए. कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी की और इसके बाद उनका पुतला दहन किया.

प्रदर्शन के दौरान गुस्साए रालोद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को एजेंट तक नहीं मिलेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि सपा नेताओं को गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा.

सियासी बयान पर बवाल

रालोद समर्थकों की नाराजगी अखिलेश यादव के उस कथित ‘चवन्नी’ बयान को लेकर है, जिसे उन्होंने अपने पूर्व सहयोगियों पर निशाना साधते हुए दिया था. इस बयान के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा और रालोद समर्थकों के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है.