मुकेश मेहता, बुधनी। शाहगंज में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम और जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शाहगंज पहुंचे और आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। वहीं कार्यक्रम से पहले प्रेम-सुंदर फाउंडेशन की ओर से 30 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए गए। हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए 30 हजार रुपए की नई छात्रवृत्ति योजना का भी शुभारंभ किया गया।
शाहगंज के कृषक भवन में आयोजित पहले कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 10वीं और 12वीं कक्षा के हिंदी इंग्लिश माध्यम के 30 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए। यह कार्यक्रम प्रेम-सुंदर फाउंडेशन की ओर से आयोजित किया गया। संस्था चौहान के माता-पिता की स्मृति में संचालित की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए नई छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत भी की गई।
योजना के तहत 10वीं और 12वीं के बाद आगे की पढ़ाई करने वाले पात्र हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों को 30 हजार रुपए की छात्रवृत्ति दिए जाने की बात कही गई। इस पहल का उद्देश्य हिंदी माध्यम से पढ़ने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके बाद मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनप्रतिनिधियों और जिला अधिकारियों के साथ शिविर में पहुंचे नागरिकों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए गए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए थे।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। योजनाओं का लाभ दिलाना शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है। केंद्रीय मंत्री ने कई हितग्राहियों से वन-टू-वन चर्चा भी की। शारदा अहिरवार ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत पहले 10 हजार रुपए का ऋण लिया और अब 25 हजार रुपए का ऋण लेकर अपना व्यवसाय स्थापित किया है। वहीं चंद्रप्रकाश ने उद्यम क्रांति योजना के तहत ऋण स्वीकृत होने की जानकारी दी। जितेंद्र और भागीरथ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें आवास की सभी किश्तें मिल चुकी हैं और उनका पक्का मकान तैयार हो गया है।
शाहगंज के इस शिविर में कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर भी विशेष जोर दिया। शाहगंज में आयोजित इस कार्यक्रम में जहां एक ओर जनसमस्याओं के निराकरण पर जोर दिया गया, वहीं मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए नई छात्रवृत्ति योजना की सौगात भी दी गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

