कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर आरक्षण और ओबीसी समेत कई मुद्दों को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने अयोध्या में मछली भोज के आरोपों को गलत बताया और विपक्षी नेताओं की मुलाकातों को सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया बताया.

सतीश सिंह, लखनऊ. ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सोमवार को लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस आरक्षण, राष्ट्रगान और ओबीसी के मामले को जनता के बीच ले जाएगी.

आरपी गौतम ने हाल ही में दिल्ली के जंतर मंतर पर आरक्षण के विरोध में धरना दे रहे युवाओं के साथ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि वह आरक्षण के पक्ष में है या विरोध में.

उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण विरोधी छात्रों के साथ उप मुख्यमंत्री का प्रेस कॉन्फ्रेंस करना पार्टी की मानसिकता को दर्शाता है. गौतम ने पूछा कि क्या भाजपा एससी-एसटी और ओबीसी को न्याय देने की पक्षधर नहीं है?

जनगणना में ओबीसी कॉलम

उन्होंने जाति जनगणना को लेकर हाल में जारी नोटिफिकेशन का भी जिक्र किया. गौतम ने कहा कि इसमें ओबीसी का कॉलम नहीं डाला गया है, जबकि एससी-एसटी का कॉलम मौजूद है.

उन्होंने आरोप लगाया कि 68 हजार रिक्तियों में से करीब 8 हजार एससी-ओबीसी सीटों को जनरल श्रेणी में भर दिया गया. उन्होंने पूछा कि अगर सरकार युवाओं के साथ है तो ऐसा क्यों किया गया?

राष्ट्रगान पर सवाल

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा उन्नाव में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रगान के दौरान बीच में ही चले जाने पर भी गौतम ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान का अपमान कानूनी अपराध है.

उन्होंने कहा कि किसी भी नेता या स्पीकर को संविधान से ऊपर नहीं माना जा सकता. उन्होंने मांग की कि पुलिस सतीश महाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज करे और सरकार कार्रवाई करे.

गौतम ने आरोप लगाया कि कानपुर में चढ़ावा चोरी के विरोध में प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करवाकर सत्ता का दुरुपयोग किया गया.

मछली भोज पर सफाई

अयोध्या में आयोजित सम्मेलन में मछली भोज के आरोपों को खारिज करते हुए गौतम ने कहा कि यह पूरी तरह झूठ है. उन्होंने कहा कि वे स्वयं उस कार्यक्रम में मौजूद थे और वहां मछली नहीं बनी थी.

उन्होंने कहा कि निषाद समाज में मछली खाने पर कोई प्रतिबंध नहीं है. भाजपा पर पलटवार करते हुए उन्होंने सावन में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और नवरात्र में अनुराग ठाकुर के मांस खाने की तस्वीरें दिखाईं और कहा कि भाजपा पहले अपने गिरेबान में झांके.

मुलाकातों पर बोले गौतम

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की हालिया मुलाकात पर आरपी गौतम ने कहा कि राजनीति में आपसी मेल-जोल जरूरी है.

उन्होंने कहा कि हर मुलाकात का मतलब चुनावी गठबंधन नहीं निकाला जाना चाहिए. उन्होंने बताया कि विभिन्न विपक्षी नेताओं से मुलाकातें होती रहती हैं और जल्द अखिलेश यादव से भी मुलाकात की जाएगी.