दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। ​नर्मदापुरम में ‘मां नर्मदा’ के आंचल को छलनी करने वाले बेखौफ रेत माफियाओं की दबंगई अब खुलेआम सड़कों और खदानों पर दिखने लगी है। ताजा सनसनीखेज मामला रजौन रेत खदान का है, जहां एनजीटी (NGT) की सख्त रोक के बावजूद जारी अवैध उत्खनन के बीच खूनी गैंगवार की तस्वीर सामने आई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, अवैध रेत के काले कारोबार और डंपरों में लोडर से चोरी-छिपे रेत भरने को लेकर युवकों में भीषण विवाद हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दबंगों ने एक युवक को लोडर (मशीन) से कुचलने और बर्बरता से पीटने की कोशिश की। इस खौफनाक वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है।​

ये भी पढ़ें: सवाल सिर्फ चालान का नहीं, जिंदगी बचाने का है… शहडोल में हेलमेट-सीटबेल्ट चेकिंग अभियान के बीच हादसा; 2 बाइक सवारों की मौत

वायरल वीडियो में एक युवक नशे की हालत में न केवल हंगामा करता दिख रहा है, बल्कि क्षेत्र के विधायक और सांसद को भी खुलेआम अपशब्द कह रहा है। यही नहीं, आरोपी बेधड़क यह भी दावा कर रहे हैं कि कुछ समय पहले उन्होंने पुष्पराज पटेल को भी मौके पर बुलाया था। ​सूत्रों की मानें तो इस पूरे काले खेल और गुंडागर्दी के पीछे ‘जित्तू कीर’ और ‘राहुल कीर’ जैसे रेत माफियाओं के नाम सामने आ रहे हैं।

एनजीटी का चाबुक चलने के बाद भी मां नर्मदा की छाती से रेत का अवैध सीना चीरना जारी है। अब बड़ा सवाल यह उठता है कि कानून को ठेंगे पर रखने वाले इन माफियाओं पर शासन-प्रशासन का बुलडोजर कब चलेगा या फिर खाकी और खादी की खामोशी यूं ही बरकरार रहेगी?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m