हकीमुद्दीन नासिर, महासमुंद। महासमुंद जिले के ग्राम लाफिन कला के ग्रामीणों ने जनसहयोग की ऐसी मिसाल पेश की है, जो दूसरे गांवों के लिए भी प्रेरणा है। गांव के ग्रामीण विकास कार्यों के लिए सरकारी बजट का इंतजार करने के बजाय आपसी सहयोग और ग्राम फंड से अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं। ग्रामीणों का ध्येय वाक्य है— “अपना काम खुद कर लो।”

यह भी पढ़ें: Amazon Flipkart Festive Sale 2026 : 80% तक Discount, फोन-TV खरीदने से पहले जान लें ये 5 Smart Shopping Tips

करीब 1200 की आबादी वाले लाफिन कला में ग्रामीणों ने जनसहयोग से मंदिर निर्माण, कच्ची सड़कों का मुरूमीकरण, कांक्रीट सड़क और गौठान सहित कई विकास कार्य कराए हैं। अब करीब 40 हजार वर्गफीट के गौठान को कांक्रीट करने का काम ग्रामीणों के सहयोग से किया जा रहा है।

ग्राम लाफिन कला के ग्रामीणों ने कि गांव की समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से राशि मिलने का इंतजार करने में काफी समय लग जाता है। ऐसे में ग्रामीणों ने मिलकर गांव के विकास की जिम्मेदारी खुद उठाई है। जनसहयोग और ग्राम फंड से गांव में अब तक कई छोटे-बड़े विकास कार्य कराए जा चुके हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 50 लाख रुपए की लागत से मंदिर, सड़क और अन्य विकास कार्य जनसहयोग से पूरे किए गए हैं।अब ग्रामीणों ने गौठान के कांक्रीटकरण का बीड़ा उठाया है। करीब 40 हजार वर्गफीट क्षेत्र में कांक्रीट ढलाई की जा रही है। इसमें करीब 18 हजार वर्गफीट हिस्से में कांक्रीट का काम पूरा हो चुका है, जबकि बाकी हिस्से में काम जारी है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान गौठान में कीचड़ हो जाता था। इससे मवेशियों को बैठने में परेशानी होती थी और गोबर भी कीचड़ में मिल जाता था। कांक्रीटकरण होने के बाद पशुओं के लिए बेहतर जगह के साथ-साथ गांव के सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए भी एक बड़ा मैदान उपलब्ध हो जाएगा।लाफिन कला में सिर्फ गौठान ही नहीं, बल्कि गांव के तालाब के बीच करीब 25 लाख रुपए की लागत से एक आकर्षक मंदिर का निर्माण भी जनसहयोग से कराया जा रहा है।

ग्रामीणों ने आने-जाने में परेशानी को देखते हुए सड़कों का मुरूमीकरण भी कराया है। यानी ग्रामीणों का साफ संदेश है कि गांव की जरूरतों के लिए केवल सरकारी योजनाओं पर निर्भर रहने के बजाय सामूहिक प्रयास से भी विकास को आगे बढ़ाया जा सकता है।

ग्रामीणों की इस पहल की प्रशासन ने भी सराहना की है। महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि जनभागीदारी से गांव की जरूरतों को पूरा करने की लाफिन कला की पहल सराहनीय है और दूसरे ग्राम पंचायतों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m