दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने मंगलवार रात राजधानी के प्रमुख शैक्षणिक और कोचिंग हब मुखर्जी नगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और विभिन्न विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री विद्यार्थियों के बीच एक चाय की दुकान पर बैठीं और उनसे विस्तार से चर्चा की। बातचीत के दौरान उन्होंने छात्रों के दैनिक जीवन, आवास, पढ़ाई के माहौल, सुरक्षा और क्षेत्र में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को समझने का प्रयास किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को विद्यार्थियों की ओर से उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेने और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में देश के अलग-अलग राज्यों से आकर पढ़ाई करने वाले युवा राजधानी के परिवार का हिस्सा हैं। उनकी सुविधाओं, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संबंधित मुद्दों पर उचित कदम उठाने पर जोर दिया।

निःशुल्क लाइब्रेरी के लिए जगह तलाशने के निर्देश

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुखर्जी नगर दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने क्षेत्र में किफायती लाइब्रेरी की कमी और मौजूदा लाइब्रेरी के बार-बार बंद होने से पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या उठाई। छात्रों ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शांत और अनुकूल माहौल जरूरी है, लेकिन अधिक शुल्क और लाइब्रेरी के संचालन में आने वाली बाधाओं के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में संचालित लाइब्रेरी की स्थिति, भवन संबंधी कमियों और सुरक्षा मानकों की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय विधायक और अधिकारियों से खाली प्लॉट तथा उपलब्ध सामुदायिक भवनों में उपयुक्त जगह चिह्नित करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क लाइब्रेरी विकसित की जा सके। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

पीजी के किराए और आवास की कमी का मुद्दा उठा

मुखर्जी नगर में विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान पीजी के किराए, जमानत राशि और दलाली के रूप में होने वाले अधिक खर्च का मुद्दा भी सामने आया। विद्यार्थियों ने बताया कि पर्याप्त हॉस्टल उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें निजी पीजी या किराये के कमरों में रहना पड़ता है, जिससे उनके रहने का खर्च बढ़ जाता है। कुछ विद्यार्थियों ने छोटे कमरों, वेंटिलेशन की कमी और आसपास लगातार चल रहे निर्माण कार्यों से पढ़ाई तथा दैनिक जीवन पर पड़ने वाले असर के बारे में भी बताया। इसके अलावा, उन्होंने पीजी में भोजन की गुणवत्ता और रहने की सुविधाओं को लेकर अपनी चिंताएं साझा कीं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार विद्यार्थियों की आवास संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पीजी पॉलिसी और नए हॉस्टलों की उपलब्धता जैसे विषयों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को बेहतर और व्यवस्थित आवास सुविधाएं मिल सकें।

स्ट्रीट लाइट और CCTV व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश

मुखर्जी नगर में विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं। उन्होंने देर शाम आवागमन के दौरान होने वाली परेशानियों और कुछ स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने की बात कही। इस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों और पुलिस प्रतिनिधियों को क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की समीक्षा करने और जरूरत के मुताबिक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, नियमों के विरुद्ध गहरे रंग की फिल्म लगाकर चलने वाले वाहनों की शिकायत पर भी उन्होंने पुलिस को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए, ताकि वे बिना किसी भय के अपनी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियां जारी रख सकें।

बंद पड़े शौचालय को पिंक टॉयलेट में बदलने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मुखर्जी नगर में लंबे समय से बंद पड़े एक शौचालय का मुद्दा भी सामने आया। मुख्यमंत्री ने इस पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शौचालय को पिंक टॉयलेट के रूप में विकसित कर जल्द चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालयों की उपलब्धता और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के साथ ही जरूरत के अनुसार अतिरिक्त शौचालय ब्लॉक बनाने के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने को भी कहा।

 सफाई, संकरी गलियों और पेयजल की समस्याओं पर अधिकारियों को निर्देश

मुखर्जी नगर, नेहरू विहार और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सामने सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं रखीं। उन्होंने गलियों में गंदगी, कूड़े के ढेर और दुर्गंध की शिकायत करते हुए नियमित सफाई की मांग की। कुछ विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि संकरी गलियों और छोटे आवासीय भवनों के कारण रहने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सफाई केवल मुख्य सड़कों तक सीमित न रहे, बल्कि छोटी गलियों और आवासीय इलाकों में भी नियमित रूप से हो। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र का दौरा कर समस्याओं का आकलन करने और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

पेयजल की गुणवत्ता को लेकर भी उठी चिंता

विद्यार्थियों ने पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं। उन्होंने बारिश के दौरान सीवर का पानी पेयजल आपूर्ति में मिलने की आशंका जताई और पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंता व्यक्त की।  मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शिकायत की जांच कराने तथा पेयजल की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

लाउडस्पीकर की तेज आवाज से पढ़ाई में परेशानी की शिकायत

मुखर्जी नगर में विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान रात के समय तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजने से पढ़ाई प्रभावित होने का मुद्दा भी उठा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि लाउडस्पीकर के इस्तेमाल में निर्धारित समय-सीमा और ध्वनि संबंधी नियमों का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसी शिकायतों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी में अग्नि सुरक्षा की जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं को भी सुना। विद्यार्थियों ने कुछ भवनों में अग्नि सुरक्षा, सुरक्षित निकास मार्ग और भवन की उपयुक्तता को लेकर सवाल उठाए। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ऐसे संस्थानों में भवन की उपयुक्तता, निकास मार्गों और अग्नि सुरक्षा नियमों के पालन की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े भवनों में सभी जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

‘विद्यार्थी विकसित भारत की नींव’

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मुखर्जी नगर, नेहरू विहार और आसपास के इलाकों में रहकर पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा विकसित भारत की नींव हैं। इनमें से कई युवा भविष्य में प्रशासनिक अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ बनकर देश के विकास में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और अनुकूल आवास उपलब्ध कराना जरूरी है। देश के अलग-अलग राज्यों से दिल्ली आकर पढ़ाई करने वाले युवा राजधानी के परिवार का हिस्सा हैं। उनकी सुविधाओं, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m