पटना। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू के सीटिंग एमएलसी और प्रत्याशी नीरज कुमार की अचानक तबीयत खराब होने से सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। दिल से जुड़ी परेशानी के चलते उन्हें सोमवार देर रात पटना के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन की ओर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
तबीयत बिगड़ने पर समर्थकों में चिंता
एमएलसी चुनाव के लिए मतदान आगामी 23 अक्टूबर को होना है। ऐसे बेहद अहम और नाजुक मोड़ पर नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने से उनके समर्थकों में गहरी चिंता का माहौल बन गया है। चुनाव प्रचार के इस अंतिम चरण में पार्टी के भीतर से ही उन्हें कड़ा विरोध झेलना पड़ रहा है, जिससे यह मुकाबला और अधिक दिलचस्प और चुनौतीूपूर्ण हो गया है।
अनंत सिंह का तंज
नीरज कुमार के बीमार होने की खबर सामने आते ही जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने उन पर बेहद तीखा तंज कसा है। अनंत सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि यह उनकी पुरानी आदत है। उन्होंने दावा किया कि जब-जब बूथ पर पैसे भेजने की नौबत आती है, तब-तब वह बीमार पड़ जाते हैं और अस्पताल में भर्ती हो जाते हैं, जबकि कुछ ही घंटों बाद बिल्कुल ठीक होकर बाहर आ जाएंगे।
गौरतलब है कि अनंत सिंह वर्तमान में जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जाकर खुलकर जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग और पुराना राजनीतिक बैर किसी से छिपा नहीं है। इस आपसी कलह को सुलझाने के लिए केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने भी मध्यस्थता की कोशिश की थी, लेकिन अनंत सिंह ने नीरज कुमार का साथ देने से साफ इनकार कर दिया और अनुज सिंह का समर्थन जारी रखा।
बाढ़ की जनसभा में छलका दर्द
कुछ दिन पहले बाढ़ क्षेत्र में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए नीरज कुमार का दर्द खुलकर सामने आया था। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए अपने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने जनता के बीच सवाल रखते हुए कहा था कि उन्हें पिछले 30 से 40 सालों से लोग जानते हैं, ऐसे में जनता ही बताए कि क्या वह कोई अपराधी, बदमाश या गुंडा हैं?
तीन बार विधान परिषद सदस्य रह चुके नीरज कुमार ने खुद को पीड़ित बताते हुए कहा कि उनका लगातार चरित्र हनन किया जा रहा है। उन्होंने डंके की चोट पर ऐलान किया कि वह डरने वाले नहीं, बल्कि अड़ने वाले नेताओं में से हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई उन्हें कितनी भी गालियां दे, इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता, लेकिन नीतीश कुमार और पार्टी के खिलाफ किसी भी तरह का अनैतिक या राजनीतिक हमला वह कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे और विरोधियों को मुंहतोड़ जवाब देते रहेंगे।

