मोगा. पंजाब में मोगा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां घर में बैठे लोग भी आप सुरक्षित नहीं हैं. खबर है कि मोगा में अपने घर के बाहर बैठे लोगों पर हमलावरों ने धुआंधार फायरिंग कर दी. सोचने वाली बात यह है कि हमलावरोने पहले घायलों से उनके घर का पता पूछा और इसकी पुष्टि होने पर उन पर गोलियां बरसा दीं.

आपको बतादें की घर पर बैठे लोगों को जरा भी अंदाजा नहीं था कि अगले पल उनके साथ यह घटना घटने वाली है. जानकारी के मुताबिक अंगदपुरा मोहल्ले के रहने वाले साहिल जिंदल उर्फ लंबी (32) साथियों गगन, राघव और गोरा के साथ रविवार शाम लगभग 7:15 बजे अपने घर के बाहर बैठे थे. इस दौरान स्कॉर्पियो आकर रुकी, जिसमें सवार युवकों के पास हथियार थे. उन्होंने पहले पता पूछा और फिर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं.

गोलियां लगते ही चारों युवक लहूलुहान होकर गिर गए और हमलावर फरार हो गए. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद गगन (44) को मृत घोषित कर दिया. वहीं देर रात साहिल जिंदल ने लुधियाना स्थित डीएमसी अस्पताल में दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद पंजाब के डीजीपी गौरव मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है. इस गोलीबारी में 4 लोग घायल हुए थे, जिनमें से दो की मौत हो गई. 5 आरोपियों पुनीत गाबा, किरण पाल सिंह, कुलविंदर सिंह, बलजीत कौर और जीवन सिंह को गिरफ्तार किया है. इनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है. आगे की जांच और पूछताछ पुलिस कर रही है.