चंडीगढ़. विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी ने राशन कार्ड बनाने की शर्तों में कई बड़े बदलाव किए हैं. इस बदलाव से बड़ी संख्या में नए लोग सरकारी राशन कार्ड के धारक हो सकेंगे. खास बात यह हैं कि नए राशनकार्ड में नए जारी नोटिफिकेशन के तहत अब गाड़ियों और जमीन वाले लोग भी सरकारी राशन लेने के योग्य होंगे मना जायेगा. नए नियम के तहत जिन लोगों के राशन कार्ड बनेंगे, उन्हें राज्य सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत मुफ्त राशन दिया जाएगा. इसके तहत हर तिमाही दो किलो चीनी, दो किलो दाल, एक लीटर सरसों का तेल और 200 ग्राम हल्दी मुफ्त दी जाएगी.

शर्तों के हुए बड़े बदलाव

अब राशन कार्ड बनवाने के लिए आय की सीमा को भी बदल दिया गया है. पहले राशन कार्ड बनवाने के लिए सालाना आय की सीमा 1.80 लाख रुपए थी, अब इसे बढ़ाकर आठ लाख रुपये कर दिया गया है. इसके अलावा पहले ढाई एकड़ उपजाऊ और पांच एकड़ बरानी जमीन रखने की शर्त लागू थी, इसे अब पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है. इसका मतलब यह है कि बड़े किसान, जिनकी सालाना आय आठ लाख रुपये से कम है, वे भी अब सरकारी अनाज लेने के पात्र होंगे. इसी तरह चार पहिया वाहन के मालिक भी नीले राशन कार्ड के लिए योग्य माने जाएंगे.

वही एसी वाले घरों के मालिकों को भी अब सरकारी राशन मिल सकेगा. पहले नियमों के अनुसार आयकर दाताओं को भी राशन कार्ड के लिए अयोग्य माने जाते थे, लेकिन नए नोटिफिकेशन के बाद उन्हें भी पात्र मान लिया गया है. इसके साथ ही और भी कई बड़े बदलाव किए गए हैं. कुल मिलाकर सरकारी कर्मचारियों को छोड़कर लगभग सभी वर्गों के लिए नए राशन कार्ड बनवाने का रास्ता खुल गया है.

यह की गई थी घोषणा

आपको बता दे कि राज्य सरकार ने 2026-27 के बजट में 10 लाख नए राशन कार्ड बनाने की घोषणा की थी. इसके बाद खाद्य एवं सिविल सप्लाईज विभाग ने 11 मार्च 2026 को नोटिफिकेशन जारी कर पंजाब फूड सिक्योरिटी रूल्स-2016 के रूल 3(1) शेड्यूल-1 में संशोधन कर दिया. इस संशोधन के बाद राशन कार्ड बनाने के लिए पहले लागू कई शर्तों को समाप्त या ढीला कर दिया गया है.