सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिली है।सिंगरौली रेलवे स्टेशन से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के लिए नई रेल सेवा का शुभारंभ किया गया। सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सोमवार को 13379 धनबाद–लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन संचालित होगी।

इस अवसर पर सांसद डॉ. मिश्रा ने स्वयं भी इसी ट्रेन से यात्रा प्रारंभ की। उन्होंने कहा कि यह नई ट्रेन सेवा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे सिंगरौली और मुंबई के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

सांसद ने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से न केवल आमजन को लाभ होगा, बल्कि उद्योग, व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने इसे सिंगरौली और आसपास के जिलों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से खासतौर पर उन यात्रियों को राहत मिलेगी, जो रोजगार, व्यवसाय, शिक्षा और इलाज के लिए मुंबई और आसपास के क्षेत्रों की यात्रा करते हैं। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में सकारात्मक कदम बताया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m