उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन के योगेश्वर टेकरी क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण अग्निकांड ने चार परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी। घटना की शुरुआत एक मकान में रखे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट से हुई, जिसके बाद जोरदार ब्लास्ट हुआ और आग भड़क उठी। लकड़ी और टीन शेड से बने मकानों में तेजी से फैली आग ने मदनलाल, रमेश द्रोणावत, ओम ललावत सहित चार परिवारों के घरों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। 

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचती, तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। लाखों रुपये का सामान और जीवनभर की पूंजी स्वाहा हो गई। पीड़ित मदनलाल ने बताया कि चाय बनाते समय फ्रिज चालू करते ही यह हादसा हुआ। घर में कोई नहीं था, जिससे कोई हताहत तो नहीं हुआ, लेकिन चारों परिवार अब बेघर हो गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय क्षेत्रीय पार्षद और विधायक तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की, उन्हें ढांढस बंधाया और तत्काल राहत की घोषणा की। विधायक ने मौके पर ही प्रत्येक पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही, उन्हें तत्काल प्रभाव से बल्ली और टीन शेड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि वे जल्द से जल्द सिर छिपाने की जगह बना सकें। विधायक ने आश्वासन दिया कि नुकसान का आकलन कराने के बाद मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष से भी उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। प्रशासन ने राहत कार्य तेजी से शुरू कर दिए हैं। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m