अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली: बलुआ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 11 बजे मजीदहा पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर खड़ी तीन बाइक, दो साइकिल और बिजली के खंभे को तोड़ते हुए खेत में जा गिरी।

हादसे में तीन लोग घायल

हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि एक महिला को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यूपी 67 आर 7001 नंबर की डिजायर कार चंदौली की ओर से सैदपुर की तरफ तेज रफ्तार (करीब 100 किमी प्रति घंटा) से जा रही थी।

READ MORE: चोर मस्त, पुलिस पस्त! शराब दुकान में एक महीने में दूसरी बार चोरी, कैश और महंगी शराब की बोतलें उड़ा ले गए शातिर, खाक छान रही खाकी?

मजीदहा पेट्रोल पंप के पास साइड से जा रहे बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए चालक निकलने की कोशिश कर रहा था, तभी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी बाइकों व साइकिलों को टक्कर मारते हुए बिजली का खंभा तोड़कर खेत में जा गिरी। हादसे में बुधरी विश्वकर्मा (64 वर्ष), राज कुमार (42 वर्ष) और एक महिला (42 वर्ष) घायल हो गए। सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

READ MORE: Love के लिए Life का The End: प्यार में पड़े युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जानिए मोहब्बत कैसे बनी मौत

मारूफपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शांति व्यवस्था बनाए रखी। दुर्घटना की चपेट में आई बाइकों व साइकिलों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. रितेश जायसवाल ने बताया कि तीनों घायलों की जांच की गई, जिसमें दो पुरुषों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि महिला को मामूली चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष अतुल प्रजापति ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।