अजय सैनी, भिवानी। स्थानीय रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने प्रयोग के तौर पर भावनगर से हरिद्वार के बीच वाया भिवानी एक नई सुपरफास्ट ट्रेन शुरू की है। इसके साथ ही मुंबई रूट की तीन साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों को नियमित (रेगुलर) कर दिया गया है, जिससे अब यात्रियों को कम किराए में सफर की सुविधा मिलेगी।

हरिद्वार के लिए नया विकल्प

बता दें कि भावनगर-हरिद्वार सुपरफास्ट एक्सप्रेस (09271/09272) अब वाया भिवानी, रोहतक और पानीपत होकर चलेगी। 12 अप्रैल को भिवानी से पहली बार गुजरने पर यात्रियों में उत्साह देखा गया। दरअसल, पहले यह ट्रेन जाखल-पटियाला होकर चलती थी, लेकिन कम राजस्व और लंबी दूरी के कारण रेलवे ने अब इसे वाया भिवानी चलाने का फैसला लिया है। अगले दो महीने तक इसके राजस्व की समीक्षा की जाएगी, जिसके बाद इसे स्थाई करने या फेरे बढ़ाने पर फैसला होगा।

मुंबई का सफर हुआ सस्ता

भिवानी से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए अब सप्ताह में 4 दिन सीधी ट्रेन की सुविधा हो गई है। रेलवे ने मुंबई सेंट्रल-भिवानी एक्सप्रेस (बुधवार और शनिवार), वलसाड-हिसार साप्ताहिक एक्सप्रेस (हिसार से बुधवार), भिवानी-बांद्रा विशेष रेलगाड़ी (शुक्रवार) को नियमित कर दिया है। गौरतलब है कि इन ट्रेनों के नियमित होने से किराए में भारी कमी आएगी। एसी कोच का किराया 2200 रुपये से घटकर करीब 1650 रुपये और स्लीपर क्लास का किराया 865 रुपये से कम होकर लगभग 650 रुपये रह जाएगा।

जल्द मिल सकती है इंदौर की सौगात

डीआरयूसीसी सदस्य डॉ. हरीश गोस्वामी और उनकी टीम के प्रयासों से इन सुविधाओं को हरी झंडी मिली है। समिति के सदस्यों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से रेलवे बोर्ड के साथ पत्राचार कर रहे थे। खबर है कि जल्द ही भिवानी से इंदौर के बीच भी एक नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू हो सकती है, जिसे लेकर बातचीत अंतिम दौर में है।