आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को पार्टी का उपनेता (डिप्टी लीडर) पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह पंजाब से सांसद अशोक मित्तल को नया उपनेता नियुक्त किया गया है। राघव चड्ढा के इस फैसले के बाद पार्टी और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। कई कयास लगाए जा रहे हैं कि चड्ढा पार्टी छोड़ कर बीजेपी ज्वॉइन कर सकते हैं। AAP के सूत्रों के अनुसार, राघव चड्ढा ने राज्यसभा में कई जनहित के मुद्दों को उठाया था, जिन पर पार्टी की सहमति नहीं थी। इस फैसले को पार्टी में अनुशासन और सदन में पार्टी रुख को सुनिश्चित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। इस फैसले पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और AAP की सीनियर नेता आतिशी ने भी प्रतिक्रिया दी। आतिशी ने कहा, “बीजेपी का एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर है। वे नेताओं को डराती है और धमकाती है, लालच देती है और विपक्ष के बहुत सारे नेता डर और धमकी से या लालच से कूदकर बीजेपी की गोद में जाकर बैठ जाते हैं। शायद राघव जी के साथ भी यही हो रहा है।”
क्यों आप BJP से इतने डरे हुए हैं?
आतिशी ने कहा, “आज मैं राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा से कुछ सवाल पूछना चाहती हूं। राघव, आप बीजेपी से इतने डरे हुए क्यों हैं? आप बीजेपी से सवाल पूछने से क्यों डरते हैं? आप मोदी से सवाल पूछने से क्यों डरते हैं?” उन्होंने आगे कहा, “आज हमारा देश एक बहुत बड़े संकट से गुजर रहा है। आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है। आज हमारे देश का संविधान खतरे में है। आज हमारी आंखों के सामने चुनाव आयोग का दुरुपयोग करके पश्चिम बंगाल का चुनाव छीना जा रहा है। लेकिन आप इस पर सवाल नहीं उठा रहे हैं। आप इस पर बोलने से डर रहे हैं।”
‘महाभियोग प्रस्ताव पर साइन करने के मना किया’
आतिशी ने आरोप लगाया, “हम सभी ने देखा कि दिल्ली में वोटों की गिनती गलत तरीके से की गई। बीजेपी के अधिकारियों ने गलत वोट बनाकर चुनाव चुरा लिया। और आज यही पश्चिम बंगाल में हो रहा है। आज चुनाव आयोग का दुरुपयोग किया जा रहा है। लेकिन जब तृणमूल कांग्रेस और पूरा विपक्ष चुनाव आयोग के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाते हैं, तब आप उस पर हस्ताक्षर करने से मना कर देते हैं।”
उन्होंने महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर के संकट का भी जिक्र किया और कहा, “आज इस देश में आम आदमी के सामने सबसे बड़ा संकट एलपी गैस सिलेंडर का है। आप एक बड़े आदमी हैं, आप राज्यसभा के सदस्य हैं। हो सकता है आपको कोई समस्या न हो, लेकिन एक आम परिवार, एक छोटा घर या कॉलोनी में रहने वाला परिवार अपने बच्चों के लिए खाना बनाने में दिक्कत झेल रहा है।”
आतिशी ने कहा, “क्या आप सोच सकते हैं कि लोग काम पर जाएं या लाइन में खड़े होकर गैस सिलेंडर लें ताकि अगले दिन अपने बच्चों के लिए खाना बना सकें? जब आम आदमी पार्टी ने पंजाब और दिल्ली में एलपी सिलेंडर का मुद्दा उठाया, जब सांसदों ने इस मुद्दे को उठाया, और जब आपको इस पर बोलने के लिए कहा गया, तब आप चुप रहे।” उन्होंने लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा, “आज इस देश में हर व्यक्ति को यह तय करना होगा कि वह मोदी के साथ है या संविधान और लोकतंत्र के साथ।”
‘क्या आप डर के कारण लंदन चले गए थे?’
आतिशी ने कहा, “मुझे याद है जब अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया था, हम सब सड़कों पर लड़ रहे थे। पुलिस हमें पीट रही थी, घसीट रही थी और हमें ले जा रही थी। हमें दिल्ली के अलग-अलग थानों में रखा गया नरेला, बवाना। हम हर दिन सड़कों पर संघर्ष कर रहे थे। जब आप लंदन में थे, आपने कहा था कि आप अपनी आंखों के ऑपरेशन के लिए गए हैं। मीडिया ने हमसे कई सवाल पूछे। हमने बार-बार कहा कि नहीं, राघव चड्ढा डरे हुए नहीं हैं। लेकिन आज मैं भी सोच रही हूं जब अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया, तब क्या आप बीजेपी से डरे हुए थे? क्या आप डर के कारण लंदन चले गए थे?”
राघव चड्ढा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आगे कहा, “हो सकता है आप जेल जाने से डरते हों। लेकिन हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं। हम न बीजेपी से डरते हैं, न मोदी से, न उनकी एजेंसियों से, न ही जेल जाने से। इसीलिए हम इस देश के आम आदमी की आवाज उठाते आए हैं और उठाते रहेंगे।”
क्या कहा राघव ने?
AAP के राज्यसभा उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा ने शुक्रवार को पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी आवाज दबाई जा रही है। उपनेता पद से हटाए जाने के बाद चड्ढा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में उन्होंने कहा, “जब भी मुझे संसद में बोलने का मौका मिलता है, मैं जनता के मुद्दे उठाता हूं और शायद मैं ऐसे विषय उठाता हूं, जो आमतौर पर संसद में नहीं उठाए जाते। लेकिन क्या जनता के मुद्दे उठाना कोई अपराध है? क्या मैंने कोई गलती की है? क्या मैंने कुछ गलत किया है?”
राघव ने कहा कि पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय से कहा कि उन्हें संसद में बोलने से रोका जाए। उन्होंने आगे सवाल उठाया, “अब कोई मुझे बोलने से क्यों रोकना चाहेगा? जब भी मैं बोलता हूं, मैं देश के आम आदमी की बात करता हूं।”
उन्होंने अपने संसद में उठाए गए मुद्दों का जिक्र किया:
एयरपोर्ट पर महंगे खाने का मुद्दा
जोमैटो-ब्लिंकिट डिलीवरी राइडर्स की समस्या
खाने में मिलावट का मुद्दा
मध्यम वर्ग पर टैक्स का बढ़ता बोझ
कंटेंट क्रिएटर्स पर स्ट्राइक
टेलीकॉम कंपनियों द्वारा 12 महीनों में 13 बार रिचार्ज कराने का मामला
चड्ढा ने कहा कि इन मुद्दों को उठाने के बाद देश के आम आदमी को फायदा हुआ, लेकिन पार्टी को इससे क्या नुकसान हुआ, यह समझ से बाहर है। उन्होंने अंत में जनता को धन्यवाद देते हुए कहा, “खैर, आप लोग मुझे असीम प्यार देते हैं। जब भी मैं आपके मुद्दे उठाता हूं, आप मेरा हौसला बढ़ाते हैं। इसके लिए आप सभी का आभार।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

