तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को पार्टी के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को भाजपा की एजेंसी करार दिया. उन्होंने कहा कि भाजपा और हुमायूं कबीर दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं. बनर्जी ने मुर्शिदाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए इस जिले में लोगों को कमजोर करने और भाजपा को मजबूत करने के लिए कथित तौर पर काम कर रही तीन एजेंसियों मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और तृणमूल के निलंबित नेता हुमायूं कबीर का नाम लिया.

अभिषेक बनर्जी ने मुर्शिदाबाद में चुनाव आयोग, अधीर रंजन चौधरी और हुमायूं कबीर को भाजपा का एजेंट बताया. हुमायूं कबीर के भाजपा कनेक्शन पर भी उन्होंने सवाल उठाये.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मुर्शिदाबाद के सियासी समीकरण पर बड़ी बात कही है. अभिषेक बनर्जी ने विपक्षी नेताओं की घेराबंदी करते हुए आरोप लगाया कि मुर्शिदाबाद में शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए भाजपा ने तीन ‘एजेंट’ तैनात किये हैं. उनके निशाने पर न केवल कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और हुमायूं कबीर रहे, बल्कि उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाये.

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि मुर्शिदाबाद हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब का केंद्र रहा है. भाजपा और उसके ये ‘एजेंट’ मिलकर इस संस्कृति को चोट पहुंचाना चाहते हैं.

हुमायूं कबीर पर हमला बोलते हुए अभिषेक बनर्जी ने उनके ‘पाखंड’ का पर्दाफाश करने का दावा किया. उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा राम मंदिर के नाम पर राजनीति कर रही है, तो दूसरी तरफ हुमायूं कबीर बाबरी मस्जिद के नाम पर लोगों की भावनाओं को भड़का रहे हैं. उससे खिलवाड़ कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा और हुमायूं कबीर दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं. दोनों धर्म के नाम पर वोटों का बंटवारा चाहते हैं.

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि निर्वाचन आयोग (Election Commission), अधीर रंजन चौधरी (कांग्रेस नेता) और हुमायूं कबीर (आम जनता उन्नयन पार्टी) को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मोहरे की तरह इस्तेमाल कर रही है. उन्होंने दावा किया कि मुर्शिदाबाद में अशांति फैलाने और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की गहरी साजिश हो रही है.

बताते चलें कि इससे पहले शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में भाजपा का चुनावी संकल्प पत्र जारी करने के दौरान हुमायूं कबीर से जुड़े स्टिंग विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए दो टूक कहा कि भाजपा सत्ता के लिए किसी भी कीमत पर बाबरी मस्जिद बनाने वालों से समझौता (गठबंधन) नहीं करेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m