Team India next assignment after T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली टीम इंडिया अब अपने अगले अंतरराष्ट्रीय असाइनमेंट की तैयारी में जुटेगी। इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की है। इससे पहले भारतीय टीम ने साल 2007 और 2024 में यह खिताब जीता था। अब क्रिकेट फैंस यह जानने के लिए उत्साहित हैं कि विश्व विजेता बनने के बाद टीम इंडिया अगला मैच कब और किसके खिलाफ खेलेगी।

इस देश के खिलाफ होगी अगली सीरीज

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद टीम इंडिया की अगली अंतरराष्ट्रीय सीरीज अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ होगी। यह सीरीज इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के समाप्त होने के बाद खेली जाएगी। इस दौरे में भारतीय टीम एक टेस्ट मैच और तीन वनडे मुकाबले खेलेगी। खास बात यह है कि यह पूरी सीरीज भारत के घरेलू मैदानों पर आयोजित होगी।

इस खिलाड़ी का हो सकता है डेब्यू

आगामी घरेलू टेस्ट सीजन में जम्मू-कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज आकिब नानी के टेस्ट डेब्यू को लेकर भी चर्चा तेज है। आकिब नानी ने रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे सीजन में 60 विकेट लिए थे और अब उन्हें टीम इंडिया के लिए टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है।

इसे भी पढे़ं: Teams With Most ICC Trophies: किस देश ने जीती हैं सबसे ज्यादा ICC ट्रॉफी? भारत से दो कदम आगे ऑस्ट्रेलिया, देखें पूरी लिस्ट

वनडे सीरीज में हो सकती है कोहली और रोहित की वापसी

टेस्ट मुकाबले के बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज में दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा की वापसी देखने को मिल सकती है। दोनों खिलाड़ी वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया की रणनीति का अहम हिस्सा हैं। साथ ही यह सीरीज साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अफगानिस्तान के भारत दौरे का पूरा शेड्यूल

अफगानिस्तान का भारत दौरा 2026 के तहत टीम इंडिया और अफगानिस्तान के बीच एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। सीरीज का एकमात्र टेस्ट मैच 6 से 10 जून 2026 तक न्यू चंडीगढ़ में सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा। इसके बाद वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जून 2026 को धर्मशाला में दोपहर 1:30 बजे से पहले मुकाबले के साथ होगी। दूसरा वनडे 17 जून 2026 को लखनऊ में दोपहर 1:30 बजे खेला जाएगा, जबकि तीसरा और अंतिम वनडे 20 जून 2026 को चेन्नई में दोपहर 1:30 बजे से आयोजित होगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H