कोरबा। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच बढ़ती खटास अब आम नजर आने लगी है। मंगलवार को जयसिंह अग्रवाल का जन्मदिन मनाया गया, लेकिन उनके जन्मदिन के किसी भी होर्डिंग, फ्लेक्स या अखबार विज्ञापन में भूपेश बघेल की तस्वीर नहीं दिखाई दी। भाजपा के कोरबा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने इसे लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है।

बता दें कि जयसिंह अग्रवाल के जन्मदिन के पोस्टरों और विज्ञापनों में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के अलावा प्रदेश स्तर पर केवल पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, सांसद ज्योत्स्ना महंत, और टीएस सिंहदेव की तस्वीरें शामिल थीं। भूपेश बघेल की तस्वीर गायब होने से यह मामला राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

भाजपा के कोरबा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “सरकार थी, तब भी ढाई ढाई साल का झगड़ा चलता रहा। पूरे प्रदेश में विकास रुका हुआ था। कोरबा का विकास भी पूरी तरह से ठप हो गया था। हमारी सरकार ने सड़कें सुधारने और विकास को आगे बढ़ाने का काम किया। जयसिंह अग्रवाल और भूपेश बघेल के बीच विवाद सभी को मालूम है। यह कोई नई बात नहीं है।”
गोपाल मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का सब खत्म हो गया है, वह सब आपस में पहले से लड़ रहे है और लड़-लड़ के सब खत्म करेंगे। उनमें विकास वाली तो कोई बात नहीं है। भाजपा “सबका साथ, सबका विकास” के नारे के साथ काम कर रही है और विकास कार्य लगातार जारी हैं।
देखें VIDEO
राजनीतिक पृष्ठभूमि देखें तो, पिछली चुनाव हार के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने जयसिंह अग्रवाल को शोकॉज नोटिस भी जारी किया था। अग्रवाल ने कोरबा में कार्यकर्ताओं की बैठक में कहा था कि पिछला चुनाव कांग्रेस के लिए एकजुट नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पिछले चुनाव में मिले जनादेश का सम्मान नहीं कर पाई और मंत्रियों को पर्याप्त पावर नहीं मिली। उनके अनुसार, कुछ ताकतें केंद्रीकृत रही और 5 साल सरकार कुछ लोगों के इर्द-गिर्द चली। अब जयसिंह अग्रवाल के जन्मदिन पोस्टर में भूपेश बघेल की तस्वीर न होने के कारण यह मामला सियासी मोड़ ले चुका है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


