वाराणसी. देशभर में एलपीजी को लेकर बन रही स्थिति के बीच कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने एक्स पर लिखा है कि ‘प्रधानमंत्री जी, आपके संसदीय क्षेत्र में मां अन्नपूर्णा की रसोई बंद है. क्या यही है आपका विकास? अत्यंत शर्मनाक! जिस काशी से कोई भूखा नहीं जाता था, आज वहां गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण मां अन्नपूर्णा की रसोई बंद हो गई है. प्रधानमंत्री के अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में हजारों भक्त और साधु-संत बिना भोजन के लौटने को मजबूर हैं. अंतर्राष्ट्रीय तनाव का बहाना बनाकर अपनी विफलता को छिपाना बंद कीजिए. अगर काशी में यह हाल है, तो देश का क्या होगा? उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पत्र लिखकर प्रधानमंत्री को उनकी जिम्मेदारी याद दिलाई है.’
अजय ने आगे लिखा कि ‘अत्यंत चिंता और दुःख के साथ आपका ध्यान एक गंभीर और अभूतपूर्व स्थिति की ओर आकर्षित करना आवश्यक हो गया है. विभिन्न समाचार माध्यमों और व्यक्तिगत रूप से प्राप्त की गई सूचना के अनुसार, तीर्थनगरी वाराणसी में LPG गैस की आपूर्ति बाधित होने के कारण मां अन्नपूर्णा की रसोई तक बंद करनी पड़ गई है. यह घटना केवल प्रशासनिक विफलता ही नहीं बल्कि काशी की हजारों वर्ष पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा पर भी गहरी चोट है. यहां उल्लेख करना आवश्यक है कि आदिकाल की परंपरा के अनुसार मां अन्नपूर्णा कोई भी भक्त काशी से बिना भोजन प्राप्त किए वापस नहीं लौटता. किंतु गैस सिलेंडरों की अनुपलब्धता के कारण रसोई में अन्न होते हुए भी भोजन बनाना संभव नहीं हो पाया और हजारों भक्तों तथा लगभग सैकड़ों साधु-संतों को बिना भोजन किए ही लौटना पड़ा. काशी के इतिहास में ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं आई है.’
इसे भी पढ़ें : CBG प्लांट घटना के बाद प्लांट में की पुलिस चौकी की स्थापना, सीएम योगी के निर्देश पर जांच के लिए SIT का भी गठन
आगे उन्होंने लिखा कि ‘मीडिया में आई रिपोटों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के वक्तव्यों के अनुसार, वर्तमान में मध्य पूर्व क्षेत्र और विशेषकर होरमुज़ जलडमरू मध्य के आसपास बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पर दबाव बताया जा रहा है. किंतु भारत जैसे बड़े देश में आवश्यक ऊर्जा आपूर्ति के लिए अग्रिम तैयारी और वैकल्पिक प्रबंध अपेक्षित थे. यह स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक इसलिए भी है क्योंकि स्वयं आपका संसदीय क्षेत्र होने के बावजूद वाराणसी में रसोई गैस की आपूर्ति बाधित हो गई। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ धार्मिक स्थलों की परंपराएँ भी प्रभावित हो रही हैं। इस आवश्यक पत्र के माध्यम से आपसे अनुरोध है किउत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में LPG गैस और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की अबाधित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएँ। इसके साथ वाराणसी में विशेष रूप से माँ अन्नपूर्णा की रसोई के लिए तत्काल गैस आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए, ताकि भक्तों और साधु-संतों के भोजन की परंपरा पुनः प्रारंभ हो सके.’
अजय ने आगे लिखा कि ‘यदि किसी प्रकार की जमाखोरी, आपूर्ति श्रृंखला में बाधा या प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए. यद्यपि अब केंद्र सरकार की ओर से बहुत देर हो चुकी है, फिर भी अपेक्षा है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए दीर्घकालिक और दूरदर्शी नीति अपनाई जाए जिससे भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो. आप भी भलीभांति परिचित होंगे कि काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत की आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का जीवंत प्रतीक है. मां अन्नपूर्णा की रसोई का बंद होना करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा विषय है. आशा है कि आप इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे.’
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

