अजमेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी कार्रवाई के बीच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को अजमेर में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) के अधीक्षण अभियंता (Superintendent Engineer) बाबूलाल को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई हाथीभाटा स्थित उनके कार्यालय में की गई। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
बता दें कि एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर अजमेर इकाई ने यह कार्रवाई की। शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसकी फर्म को पूर्व में जारी किए गए वर्क ऑर्डर के एवज में अधीक्षण अभियंता बाबूलाल द्वारा कुल 2 लाख रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत में यह भी बताया गया कि शुरुआत में 2.10 लाख रुपए की मांग की गई थी, जिसे बाद में 2 लाख रुपए पर तय किया गया।
इसे भी पढ़ें: खाकी की साख पर दाग : पुलिस कांस्टेबल की शादी में अपराधियों ने उड़ाए पैसे, SP ने किया सस्पेंड
शिकायत के सत्यापन में हुई पुष्टि, फिर बनाई गई ट्रैप करने की योजना
एसीबी ने 11 जनवरी 2026 को शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, एसीबी अजमेर रेंज के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में निरीक्षक स्तर की टीम गठित कर ट्रैप की योजना बनाई गई।
योजना के अनुसार 16 फरवरी 2026 को परिवादी ने पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपए आरोपी अभियंता को दिए। राशि लेते ही एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की रकम बरामद कर जब्त कर ली गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। एसीबी अधिकारियों के अनुसार मामले से जुड़े अन्य तथ्यों, संभावित संलिप्त व्यक्तियों और वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच की जा रही है।
राजस्थान में एसीबी द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाइयों के बीच यह ट्रैप ऑपरेशन एक और बड़ा कदम माना जा रहा है। ब्यूरो ने साफ किया है कि रिश्वतखोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

