Ajmer News: राजस्थान के अजमेर जिले के सदर कोतवाली इलाके में बुधवार की रात भारी हंगामे वाली रही। सुंदर विलास इलाके में एक गाय की अचानक हुई मौत ने दो पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष जैसे हालात पैदा कर दिए। दरअसल, गाय के मालिक गुर्जर परिवार ने अपने पड़ोसियों पर गाय को जहर देकर मारने का सनसनीखेज आरोप लगाया है, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया।

थाने के अंदर भी हुई धक्का-मुक्की
बता दें कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब बबली और अनिल गुर्जर ने देखा कि उनकी स्वस्थ गाय अचानक दम तोड़ चुकी है। उन्होंने पड़ोस के ही निक्की और पप्पू शर्मा पर रंजिश का आरोप जड़ा। सूत्रों ने बताया कि देखते ही देखते दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग जमा हो गए। हंगामा बढ़ते देख मामला थाने पहुंचा, लेकिन वहां भी बात बनने के बजाय बिगड़ गई। पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिड़ गए और जमकर धक्का-मुक्की हुई।
अतिक्रमण या रंजिश?
गौरतलब है कि आरोपी पक्ष (शर्मा परिवार) ने आरोपों को पूरी तरह नकार दिया है। एडवोकेट अमित पाराशर और शर्मा परिवार का कहना है कि विवाद की असली वजह गली में अवैध अतिक्रमण और पानी के टेंपो खड़ा करना है। गाय को बीच रास्ते में बांधने से आए दिन हादसे हो रहे थे, जिसका उन्होंने विरोध किया था। इसी बात को दबाने के लिए अब गाय की मौत का झूठा आरोप लगाया जा रहा है।
छावनी बना इलाका
हालत बिगड़ते देख प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला। शहर के 4 थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। मिली जानकारी के अनुसार, इलाके में एहतियातन पुलिस जाप्ता तैनात है ताकि दोबारा माहौल खराब न हो।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने अब गाय के शव का पोस्टमार्टम कराने का फैसला लिया है। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि रिपोर्ट के बाद ही सच सामने आएगा कि गाय को वाकई जहर दिया गया था या यह प्राकृतिक मौत है।
पढ़ें ये खबरें
- बिहार में सैलरी संकट! सरकार का खजाना खाली, तेजस्वी ने कहा- हमारे बोलने पर लगती है मिर्ची
- MP में UCC लागू करने पर उमंग सिंघार का बड़ा बयान: कहा- ‘सभी को विश्वास में लेकर हो फैसला, किसी समाज का नहीं होना चाहिए अपमान’
- यूपी में फिर चली तबादला एक्सप्रेस, योगी सरकार ने 35 एडिश्नल एसपी को किया इधर से उधर
- जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल को मिली अंतरिम जमानत, रायपुर सीमा में नहीं करेंगे निवास…
- खेत गए किसान की गोली लगने से संदिग्ध मौत, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस
