लखनऊ. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा की. इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सौदागर की तरह काम करती है. सब कुछ बेंच दे रही है. भाजपा का लक्ष्य केवल मुनाफा कमाना है. मुनाफाखोरी के कारण भ्रष्टाचार और मंहगाई दोनों बढ़ रही है. पढ़े-लिखे नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है. बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है. भाजपा सरकार निवेश के बड़े-बड़े सपने दिखा रही थी, निवेश नहीं आया. भाजपा संविधान से नहीं मनविधान से चलती है. पार्टी के युवा संगठनों के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि बैठक में पार्टी ने तय किया है कि संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती 14 अप्रैल 2026 को सेक्टर और गांव स्तर पर मनाएगी. भाजपा सरकार में संविधान पर जो संकट है, उसकी चर्चा गांव स्तर पर की जाएगी.
सपा प्रमुख ने कहा कि यह अमृत काल नहीं संकट काल चल रहा है. संत मारे जा रहे हैं. उनकी हत्याएं हो रही हैं. संतों को अपमानित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हम समाजवादी लोग बाबा साहब के दिए संविधान, डॉ. लोहिया के बताए रास्ते और नेता जी के दिए हुए समाजवादी विचारधारा पर चलते हुए समाज को नई दिशा देना चाहते हैं. समाजवादी पार्टी लोकतंत्र को मानती है. भाजपा एकतंत्र से चलती है. अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान हमारे अधिकारों का रक्षक है. बुनियाद है. भाजपा संस्थाओं का दुरूपयोग कर बुनियाद को कमजोर करना चाहती है. हम सब पीडीए के लोग एक होकर पीड़ित, दुःखी, अपमानित लोगों को साथ लेकर 2024 के लोक सभा चुनाव की तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराकर प्रदेश में पुनः समाजवादी सरकार बनाएंगे. विकास को गति देकर एक बार फिर यूपी को विकास के रास्ते पर लाएंगे.
इसे भी पढ़ें : ‘बटन दबाने से गुस्सा नहीं निकल रहा…’, अखिलेश यादव ने फिर उठाए EVM पर सवाल, कहा- जर्मनी में इसका इस्तेमाल असंवैधानिक
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया. प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के क्षेत्र में गोलियां से दिन दहाड़े हत्याएं होती हैं. कानून व्यवस्था चौपट है. गोरखपुर में गोली चली. भाजपा के सांसद सरकार के सबसे गरीब लोगों पर आरोप लगा रहे है. सांसद ने कहा न्याय नहीं मिलेगा तो पोल खोल दूंगा. जापान देखकर आने के बाद भी आंखे नहीं खुल रही है. प्रदेश में हर जगह वनस्पति पकड़ी जा रही है. लगता है कि यूपी में वनस्पति का रिसर्च सेन्टर खुल जाएगा. यह उल्लेखनीय है कि यूपी में प्रत्येक दिन गांजा पकड़ा जाता है.
दवा-इलाज नहीं मिल रहा, स्वास्थ्य विभाग वेंटिलेटर पर- अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार ने शिक्षा विभाग को बर्बाद कर दिया. प्राइमरी शिक्षा में पढ़ाई नहीं हो रही है. जहां गरीब परिवार के बच्चे पढ़ने जा रहे हैं, वहां स्कूल बंद कर दिया. पढ़ाई की व्यवस्था ही खत्म कर दिया. स्वास्थ्य व्यवस्था को बेकार कर दिया है. गलत ऑपरेशन हो जा रहे हैं. मरीजों को पर्याप्त दवा-इलाज नहीं मिल रहा है. सरकार ने हद पार कर दी हैं, जानवर को लगने वाली सिरिंज आदमियों को लगाने के लिए खरीद ली है. मेडिकल क्षेत्र में इससे बड़ा नेग्लीजेंस और कुछ नहीं हो सकता है. स्वास्थ्य विभाग वेंटीलेटर पर है.
इसे भी पढ़ें : इसे कहते हैं ‘चाय से ज्यादा केटली गरम’… UP के भाजपा विधायक के बेटे ने SDM को दिखाई धौंस, गाड़ी रोकी तो कहा- तुम हमें नहीं जानते, पापा विधायक हैं हमारे
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिये है. लखनऊ में बना ग्रीन कारीडोर बर्बादी का कारिडोर है. इसमें चौराहो-चौराहों पर रूकना पड़ता है. ग्रीन कारीडोर से कहां जाना है, पता ही नहीं है. सड़क तो पहले ही बनी थी केवल चौराहे बना दिए और बता दिया ग्रीन कारिडोर है. इसकी डिजाइन गलत है. पुलिस को चौराहे पर बेरीकेडिंग लगाना पड़ रहा हैं. ग्रीन कारीडोर बर्बाद करने के लिए डिजाइन करने वाला जिम्मेदार है. लगता है इसकी डिजाइन मुख्यमंत्री ने की है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली का संकट है. भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में एक भी बिजली कारखाना नहीं लगाया. हरदुआगंज, पनकी, निवेली-लिग्नाइट थर्मल पावर प्लांट, ललितपुर में बिजली प्लांट, टांडा एनटीपीसी, मेजा में पावर प्लांट समाजवादी पार्टी सरकार में लगाया गया. भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया. भाजपा सरकार ने समाजवादी पार्टी की सरकार में बने किसान बाजार, प्लासियो मॉल को बेच दिया. भाजपा सरकार ने जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन भी बेचने के लिए किया है. प्रदेश में कई एयरपोर्ट बंद है. सरकार नहीं चला पा रही है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

